*TV 20 NEWS ||AZAMGARH: आजमगढ़ में बुजुर्ग महिला की दर्दनाक गुहार | जमीन विवाद में दबंगों पर गंभीर आरोप, DM से लगाई मदद की फरियाद*
आजमगढ़ जनपद के तहसील बुढ़नपुर अंतर्गत अहरौला थाना क्षेत्र के मतलूबपुर ग्राम की रहने वाली एक बुजुर्ग पीड़िता, गोदावरी पाण्डेय, इस जानलेवा उमस भरी गर्मी में न्याय के लिए भटकने को मजबूर हैं। स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने से परेशान होकर वह अपने परिवार के साथ करीब 50 किलोमीटर की दूरी तय कर जिला मुख्यालय स्थित जिलाधिकारी (DM) दरबार पहुंचीं और अपनी आपबीती सुनाई।
पीड़िता का आरोप है कि उनकी बैनामा शुदा जमीन का मामला पहले से ही न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद, विपक्षी (पूर्व प्रधान) कोर्ट के आदेशों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
आरोप के मुताबिक, पाटीदार व पूर्व प्रधान ने लेखपाल और कानूनगो को अपने प्रभाव में ले लिया है। गलत ढंग से पैमाइश करवाकर पीड़िता की जमीन पर जबरन निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
विरोध करने पर विपक्षी गाली-गलौज और मारपीट पर आमादा हो गए।
थाने और तहसील के चक्कर काट-काटकर थक चुकी पीड़िता के पास जब कोई रास्ता नहीं बचा, तो वह अपनी बेटी और बहू के साथ इस भीषण गर्मी में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचीं। पीड़िता ने डीएम से मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने और न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।






