उत्तर प्रदेश विधानसभा की संसदीय अनुश्रवण समिति 2025-26 की उप समिति के माननीय सदस्य (संयोजक) आशीष कुमार सिंह ‘आशु’ की अध्यक्षता में धुरिया जाति से संबंधित विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के माननीय सदस्य अभय सिंह एवं नफीस अहमद सहित जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान धुरिया जाति से जुड़े विभिन्न सामाजिक, आर्थिक एवं प्रशासनिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति के सदस्यों ने संबंधित विभागों से धुरिया समुदाय के कल्याणार्थ संचालित योजनाओं, उनके क्रियान्वयन तथा लाभार्थियों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। साथ ही समुदाय से जुड़े लंबित मामलों एवं समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
माननीय संयोजक आशीष कुमार सिंह ‘आशु’ ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धुरिया समुदाय से संबंधित मामलों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में समिति के सदस्यों ने समुदाय के सामाजिक उत्थान, शिक्षा, रोजगार, आवास, प्रमाण पत्रों तथा अन्य सुविधाओं से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा की। अधिकारियों से अपेक्षा की गई कि पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने समिति को आश्वस्त किया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप धुरिया जाति से संबंधित सभी मामलों में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।
बैठक के अंत में समिति के सदस्यों ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए तथा जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित और प्रभावी समाधान पर बल दिया। अधिकारियों ने समिति को आवश्यक सहयोग एवं कार्रवाई का भरोसा दिलाया।






