*TV 20 NEWS || LUCKNOW: महिला सशक्तीकरण से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई गति, श्वेत क्रांति में पुरुषों के बराबर खड़ी हो रही हैं महिलाएँ: केशव प्रसाद मौर्य*

प्रेस नोट

• *महिला सशक्तीकरण से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई गति, श्वेत क्रांति में पुरुषों के बराबर खड़ी हो रही हैं महिलाएँ: केशव प्रसाद मौर्य*
• *राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 31 जनपदों में महिला समूहों ने किया ₹5000 करोड़ से अधिक का दुग्ध कारोबार।*
• *डबल इंजन सरकार का उद्देश्य: ग्रामीण महिलाओं को शत-प्रतिशत आर्थिक रूप से सशक्त बनाना।*
• *वर्ष 2027 तक उत्तर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों का चहुँमुखी विकास और आधी आबादी को मुख्यधारा से जोड़ना डबल इंजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता।*

लखनऊ: 22 जून, 2026, राज्य सरकार द्वारा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 31 जनपदों में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिला दुग्ध उत्पादकों को संगठित कर उन्हें दुग्ध व्यवसाय से जोड़कर वर्तमान में महिला समूहों द्वारा ₹5000 करोड़ से अधिक का दुग्ध कारोबार किया जा रहा है, जो ग्रामीण महिलाओं की बढ़ती आर्थिक क्षमता और आत्मनिर्भरता का प्रमाण है। उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि दुग्ध उत्पादन एवं दुग्ध व्यवसाय ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है और इसमें महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।

श्री मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2027 तक उत्तर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के चहुंमुखी विकास का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए ग्रामीण महिलाओं अर्थात आधी आबादी को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना विकास की परिभाषा अपूर्ण प्रतीत होगी। इसलिए राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन और खाद्य प्रसंस्करण संयुक्त रूप से महिलाओं को स्वरोजगार, उद्यमिता, कौशल विकास और वित्तीय समावेशन से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को बेहतर नस्ल के दुग्ध पशुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने, आधुनिक पशुपालन तकनीकों की जानकारी देने तथा दुग्ध उत्पादों के निर्माण एवं विपणन को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता प्रदान कर रही है। इसके साथ ही दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण तथा मूल्य संवर्धन की सुविधाओं का विस्तार भी किया जा रहा है ताकि महिलाओं की आय में निरंतर वृद्धि हो सके।

श्री मौर्य ने कहा कि जिस प्रकार श्वेत क्रांति में पुरुषों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, उसी प्रकार आज आवश्यकता है कि महिलाओं को भी समान अवसर और संसाधन उपलब्ध कराकर उनके योगदान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि श्वेत क्रांति के पुरुषों के बराबर महिलाओं को खड़ा करना समय की मांग है और यही प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार का स्पष्ट उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को शत-प्रतिशत आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। महिलाओं की आर्थिक उन्नति से न केवल परिवार बल्कि पूरे समाज और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के बिना समृद्ध और विकसित उत्तर प्रदेश की परिकल्पना अधूरी है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षिक रूप से सशक्त बनाकर उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लक्ष्य को प्राप्त किया जाएगा।