*TV 20 NEWS ||LUCKNOW:आजादी और लोकतंत्र के चेहरे पर शर्मनाक धब्बा है आपात काल – पूर्व मंत्री यशवंत सिंह, चन्द्रशेखर चबूतरा पर याद किए गए जेपी, चन्द्रशेखर और लोकतंत्र सेनानी*
आजादी और लोकतंत्र के चेहरे पर शर्मनाक धब्बा है आपात काल – पूर्व मंत्री यशवंत सिंह
चन्द्रशेखर चबूतरा पर याद किए गए जेपी, चन्द्रशेखर
और लोकतंत्र सेनानी
लखनऊ। लोकतंत्र सेनानी कल्याण समिति के संरक्षक पूर्व मंत्री यशवंत सिंह ने कहा है कि आपातकाल की अवधि भारतीय लोकतंत्र और आजादी के चेहरे पर काला धब्बा है। इसे किसी भी कीमत पर भुलाया नहीं जा सकता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और आजादी हमारे देश की आत्मा है। इसलिए इसे लेकर हम लोगों को सदैव सजग रहने की जरूरत है।
गुरुवार को चन्द्रशेखर चबूतरा पर आपातकाल को लेकर आयोजित सभा में पूर्व मंत्री यशवंत सिंह ने कहा कि २५/२६ जून १९७५ की रात लोकतंत्र और आजादी के लिए एक खौफनाक रात थी। इस रात में सत्ता के मद डूबी कांग्रेसी सरकार ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को रौंद दिया। लोकनायक जयप्रकाश नारायण, राष्ट्रपुरुष चन्द्रशेखर, अटलबिहारी वाजपेई, चौधरी चरण सिंह, लोकबंधु राजनारायण सहित लाखों लोगों को जेल में डाल दिया। इसकी वजह से सियासी गलियारों में सन्नाटा पसर गया। उन्होंने कहा कि इस सन्नाटे को श्रीमती इन्दिरा गांधी ने मान लिया कि जनता आपातकाल के पक्ष में है। इसी पक्ष को कांग्रेस के पक्ष में करने के लिए उन्होंने लोकसभा चुनाव की घोषणा कर दी।
पूर्व मंत्री यशवंत सिंह ने इस अवसर पर लोकनायक जयप्रकाश नारायण और राष्ट्रपुरुष चन्द्रशेखर को विशेष रूप से याद करते हुए कहा कि इस देश की महान जनता ने श्रीमती इन्दिरा गांधी के आपातकाल को चुनौती के रूप में लिया और प्रत्युत्तर में उत्तर भारत से कांग्रेस सफाया कर दिया। उन्होंने कहा कि हमें इस बात का गर्व है कि तानाशाही बनाम लोकतंत्र और आजादी के बीच हुई इस लड़ाई में हम भी शामिल रहे हैं।
सभा की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार/जनकवि/लोकतंत्र सेनानी धीरेन्द्र नाथ श्रीवास्तव ने की। सभा में पूर्व विधायक लोकतंत्र सेनानी कुबेर भंडारी, भाजपा नेता रामहृदय राम,सामाजिक सेनानी अर्जुन सिंह, मनोज सिंह, संयोग सिंह, विजय शंकर चौबे, चतुर्भुज सिंह, संजय गुप्ता, अतुल चौबे, राहुल पाल, हरिकेश कनौजिया और पप्पू पाल आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।






