*TV 20 NEWS || AZAMGARH:ऑपरेशन वज्रपात के तहत सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति फैलाने वाले युवक पर सिधारी पुलिस की कार्रवाई*

*प्रेस विज्ञप्ति, दिनांक : 14 जुलाई, 2026*
*थाना सिधारी, जनपद : आजमगढ़*

*ऑपरेशन वज्रपात के तहत सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति फैलाने वाले युवक पर सिधारी पुलिस की कार्रवाई*

*इंस्टाग्राम गैंग के लीडर की अभिभावकों की मौजूदगी में काउंसलिंग, BNSS के तहत की गई विधिक कार्रवाई*

*युवाओं से सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने एवं सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील*

*वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार* के निर्देशन में जनपद में संचालित *”ऑपरेशन वज्रपात”* के अंतर्गत सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं में बढ़ रही गैंग संस्कृति पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में थाना *सिधारी पुलिस* द्वारा सोशल मीडिया की निगरानी के दौरान संज्ञान में आया कि कुछ युवक इंस्टाग्राम पर *”sr_mahatma_ji_0009_10k”* नामक आईडी के माध्यम से गैंग बनाकर क्षेत्र में भ्रमण करते हुए वीडियो पोस्ट कर रहे हैं, जिससे आमजन में भय एवं असुरक्षा की भावना उत्पन्न होने की संभावना थी।
थाना सिधारी पुलिस द्वारा उक्त गैंग के लीडर *प्रिंस कुमार पुत्र अनिल राम, निवासी ग्राम बभनौली अड़ाई, थाना सिधारी, जनपद आजमगढ़, उम्र लगभग 19 वर्ष* को चिन्हित कर थाना परिसर में उसके अभिभावकों की उपस्थिति में विस्तृत काउंसलिंग की गई। इस दौरान उसे कानून एवं शांति व्यवस्था, यातायात नियमों का पालन तथा सोशल मीडिया के दुरुपयोग से होने वाले दुष्परिणामों के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी गई।
उक्त युवक के विरुद्ध *धारा 170/126/135 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS)* के अंतर्गत विधिक कार्रवाई करते हुए चालान किया गया। साथ ही पुलिस द्वारा उसके अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों एवं सोशल मीडिया पर उनकी सक्रियता पर सतर्क निगरानी रखें तथा उन्हें कानून का सम्मान करने, अनुशासित जीवन अपनाने एवं सकारात्मक एवं रचनात्मक कार्यों में भागीदारी के लिए प्रेरित करें।
आजमगढ़ पुलिस आमजन से अपील करती है कि सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी एवं कानून के दायरे में रहकर करें। गैंग संस्कृति, हथियारों का प्रदर्शन, धमकीपूर्ण वीडियो अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
*कार्यवाही करने वाली पुलिस टीम-* उ0नि0 रंजन कुमार साव, रिक्रूट आरक्षी रफीक थाना सिधारी, जनपद आजमगढ़ ।