*TV 20 NEWS || AZAMGARH : संकट में आशा का सहारा बना स्वास्थ्य विभाग, उपचार से आर्थिक सहायता तक गीता देवी का देगा साथ*

*संकट में आशा का सहारा बना स्वास्थ्य विभाग, उपचार से आर्थिक सहायता तक गीता देवी का देगा साथ*

*पोलियो ड्यूटी पर जाते समय स्कॉर्पियो की टक्कर से गंभीर रूप से घायल, उपचार के दौरान घुटने के नीचे से गंवाना पड़ा एक पैर*

*सीएमओ ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल; ब्लॉक स्तर पर जुटी 20 हजार रुपये की सहायता, बीमा राशि दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू*

आजमगढ़ 14 जुलाई 2026

आजमगढ़। पल्स पोलियो अभियान में ड्यूटी के लिए जा रहीं आशा कार्यकत्री गीता देवी के भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग उनके उपचार एवं आर्थिक सहायता के लिए आगे आया है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने मंगलवार को शहर के लक्षिरामपुर स्थित विजय सुपर स्पेशियलिटी सेंटर पहुंचकर उनका हाल जाना तथा बेहतर उपचार के साथ ही शासन स्तर से संभव सभी सुविधाएं एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक पहल का भरोसा दिलाया।
विगत दिवस पोलियो ड्यूटी पर जाते समय गीता देवी को एक स्कॉर्पियो वाहन ने टक्कर मार दी थी। हादसे में उनके एक पैर में अत्यंत गंभीर चोट आई। जान बचाने तथा संक्रमण सहित अन्य गंभीर चिकित्सकीय जटिलताओं से बचाने के लिए उपचार के दौरान चिकित्सकों को उनका एक पैर घुटने के नीचे से काटना पड़ा। वर्तमान में उनका उपचार जारी है और चिकित्सक लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रहे हैं।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजमतगढ़ के अधीक्षक डॉ. संजय यादव ने अपनी टीम के साथ तत्परता दिखाते हुए गीता देवी को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जिला चिकित्सालय में वह कई दिनों तक भर्ती रहीं तथा वहां उनका एक ऑपरेशन भी किया गया। इसके बाद परिजनों की सहमति से आगे के बेहतर एवं विशेषज्ञ उपचार के लिए उन्हें विजय सुपर स्पेशियलिटी सेंटर में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. आर. बी. त्रिपाठी की देखरेख में भर्ती कराया गया।
मुख्य चिकित्साधिकारी के साथ एडिशनल सीएमओ/आरसीएच डॉ. उमाशरण पांडेय, सीएचसी अजमतगढ़ के अधीक्षक डॉ. संजय यादव तथा डीसीपीएम विपिन बिहारी पाठक ने अस्पताल पहुंचकर गीता देवी एवं उनके परिजनों से मुलाकात की। अधिकारियों ने उपचार कर रहे चिकित्सक से उनकी वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति एवं आगे की चिकित्सकीय प्रक्रिया की जानकारी भी ली।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने कहा कि गीता देवी विभागीय दायित्व के निर्वहन के लिए पोलियो ड्यूटी पर जा रही थीं, तभी वह इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना का शिकार हो गईं। संकट की इस घड़ी में पूरा स्वास्थ्य विभाग उनके एवं उनके परिवार के साथ संवेदनशीलता से खड़ा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के निर्धारित प्रावधानों के अंतर्गत उनका कैशलेस उपचार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि गीता देवी के बैंक खाते से प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत प्रतिवर्ष 20 रुपये की बीमा राशि का भुगतान किया जाता है। दुर्घटना के कारण हुई स्थायी दिव्यांगता के प्रकरण में योजना के अनुमन्य प्रावधानों के अनुसार उन्हें एक लाख रुपये की बीमा सहायता दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर पूरी कराई जा रही है, ताकि धनराशि शीघ्र उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही आशा कार्यकत्रियों के लिए उपलब्ध अन्य दुर्घटना बीमा एवं अनुमन्य सहायता योजनाओं का लाभ दिलाने के भी प्रयास किए जा रहे हैं।
गीता देवी की सहायता के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी स्वेच्छा से आगे आ रहे हैं। ब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्यकर्मियों के सहयोग से अब तक लगभग 20 हजार रुपये की सहायता राशि एकत्र की गई है। जनपद की आशा कार्यकत्रियों, आशा संगिनियों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं अधिकारियों को स्वैच्छिक सहयोग से जोड़ने के लिए डिजिटल भुगतान की व्यवस्था भी की जा रही है।
सीएमओ ने कहा कि गीता देवी के उपचार एवं भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शासन स्तर से जो भी सुविधाएं और सहायता संभव होगी, उसे उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक गुहार लगाई जाएगी। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध विभागीय एवं शासकीय सहायता योजनाओं की जानकारी जुटाकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
डॉ. एन. आर. वर्मा ने कहा, “आशा कार्यकत्रियां स्वास्थ्य विभाग और समुदाय के बीच सबसे मजबूत कड़ी हैं। गीता देवी पोलियो अभियान के प्रति अपना दायित्व निभाने जा रही थीं, तभी वह इस गंभीर दुर्घटना का शिकार हो गईं। इस कठिन समय में पूरा स्वास्थ्य विभाग उनके साथ खड़ा है। उनके बेहतर उपचार एवं आर्थिक सहायता के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। साथ ही शासन स्तर से जो भी सुविधाएं एवं मदद संभव होगी, उसे उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।”
उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपनी क्षमता के अनुसार स्वेच्छा से सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि विभागीय परिवार का सामूहिक सहयोग गीता देवी एवं उनके परिजनों को आर्थिक सहायता के साथ बड़ा मानसिक संबल भी प्रदान करेगा।