*TV 20 NEWS || AZAMGARH : भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक में संगठन मजबूती पर मंथन, बूथ सशक्तिकरण पर जोर*
आजमगढ़-भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक मजबूती और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के उद्देश्य से भाजपा जिला कार्यसमिति की मासिक बैठक मंगलवार को कप्तानगंज बाजार स्थित गणपत मैरिज हॉल में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा आजमगढ़ जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने की, जबकि गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री सुनील गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक में जिले भर से आए पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मोर्चा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता,पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद वंदे मातरम् एवं संगठन गीत के बीच पूरे सभागार में राष्ट्रभक्ति और संगठन के प्रति समर्पण का भाव दिखाई दिया।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री सुनील गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत बूथ संगठन हैं। उन्होंने कहा कि मंडल और बूथ संगठन पार्टी की नींव हैं और इन्हीं के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ को सबसे मजबूत बूथ बनाने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा केवल चुनाव जीतने वाली पार्टी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का संकल्प लेकर कार्य करने वाला संगठन है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज सेवा, जनसंपर्क और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं तथा आमजन से निरंतर संवाद बनाए रखें।
सुनील गुप्ता ने संगठनात्मक अनुशासन, सेवा, समर्पण और सक्रियता को भाजपा की पहचान बताते हुए कहा कि आगामी कार्यक्रमों एवं अभियानों को सफल बनाने में प्रत्येक मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर के कार्यकर्ता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि जब संगठन मजबूत होता है तो जनता का विश्वास और अधिक सशक्त होता है।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने जिला कार्यसमिति के सदस्यों से संगठन द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान कराने और सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना ही कार्यकर्ताओं का प्रमुख दायित्व है।
बैठक के दौरान संगठन की आगामी कार्ययोजना, सदस्यता विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, मंडल स्तर की गतिविधियों, जनसंपर्क अभियान तथा विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में घनश्याम पटेल, प्रेम प्रकाश राय, श्री कृष्ण पाल, हरेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह, जयनाथ सिंह, अरविंद जायसवाल,सच्चिदानंद सिंह, राम दर्शन यादव, विभा बरनवाल, अंजना सिंह, शोभित श्रीवास्तव, जितेंद्र राय, मृगांक शेखर आदि पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भारी संख्या में मौजूद रहे।






