*TV 20 NEWS || AZAMGARH : आजमगढ़ में भाजपा ने ब्लॉक प्रमुखों को दी बधाई, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय बोले- जनसेवा और विकास को दें प्राथमिकता*
आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय, आजमगढ़ में रविवार को एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के ब्लॉक प्रमुखों को प्रशासक मनोनीत किए जाने पर जनपद के ब्लॉक प्रमुखों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, संगठनात्मक एकजुटता और विकास के संकल्प से सराबोर दिखाई दिया।
अपने संबोधन में क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने कहा कि उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं। ब्लॉक प्रमुखों को प्रशासक बनाए जाने का निर्णय ग्रामीण विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा प्रशासनिक व्यवस्था को गति देने वाला ऐतिहासिक कदम है।
उन्होंने सभी नवमनोनीत प्रशासकों को शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा सरकार की जनहितकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति कोटि-कोटि आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार का प्रत्येक निर्णय विकास और सुशासन की भावना से प्रेरित है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने भी सभी प्रशासकों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह दायित्व केवल एक पद नहीं बल्कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का अवसर है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुखगण,मनीष मिश्रा, अरविंद सिंह, सौरभ सिंह बिनु, सत्येंद्र राय, नन्हकू राम सरोज,अजय सिंह एवं पार्टी के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।






