*TV 20 NEWS || AZAMGARH: कर्तव्य निर्वहन में घोर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता पर उप निरीक्षक निलंबित*

*प्रेस विज्ञप्ति, दिनांक : 05.08.2026, जनपद : आजमगढ़*

*कर्तव्य निर्वहन में घोर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता पर उप निरीक्षक निलंबित*

*वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार* द्वारा पुलिस विभाग में अनुशासन, उत्तरदायित्व एवं कार्यकुशलता बनाए रखने के उद्देश्य से कर्तव्य निर्वहन में घोर लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की गई है।

*थाना पवई पर नियुक्त उ0नि0 ना0पु0 ओमप्रकाश मिश्रा* (पीएनओ-892560271) द्वारा थाना स्थानीय पर नियुक्ति के दौरान पंजीकृत कतिपय अभियोगों, जिनमें एक लूट जैसे गंभीर अपराध का अभियोग, जो बाद में डकैती की धारा में तरमीम हुआ, की विवेचना के दौरान उच्चाधिकारीगण द्वारा बार-बार निर्देशित किए जाने के बावजूद भी अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु कोई सार्थक एवं प्रभावी प्रयास न करना, मुकदमों के निस्तारण में रुचि न लेना, क्षेत्र में भ्रमण/वाहन चेकिंग/संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान आमजनमानस के साथ अमर्यादित एवं दुर्व्यवहारपूर्ण व्यवहार करना, पुलिस विभाग की छवि धूमिल करना तथा अपने पदीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं स्वेच्छाचारिता बरतना प्रथम दृष्टया संज्ञान में आया।

उक्त कृत्य को गंभीर अनुशासनहीनता एवं पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली तथा छवि को प्रभावित करने वाला मानते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ द्वारा उ0नि0 ना0पु0 ओमप्रकाश मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही संस्थित किए जाने के आदेश दिए गए हैं।

*चेतावनी :*
जनपद के समस्त पुलिस कर्मियों को निर्देशित एवं सचेत किया जाता है कि वे अपने पदीय दायित्वों का पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। कर्तव्य के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।