*TV 20 NEWS || AZAMGARH : सांसद धर्मेन्द्र यादव ने नियम 377 के तहत अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट में कथित चंदा घोटाले की जांच की मांग उठाई*
प्रकाशनार्थ
दिनांक 5/8/2026
सांसद धर्मेन्द्र यादव ने नियम 377 के तहत अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट में कथित चंदा घोटाले की जांच की मांग उठाई।
नई दिल्ली/आजमगढ़
समाजवादी पार्टी के नेता, मुख्य सचेतक, लोक लेखा समिति के सदस्य एवं सांसद आजमगढ़ धर्मेन्द्र यादव ने लोकसभा में नियम 377 के अंतर्गत अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट में कथित चंदा घोटाले का मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार से जवाब मांगा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के बाद अयोध्या में प्रभु श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण का कार्य प्रारंभ हुआ। केंद्र की भाजपा सरकार ने इसे अपनी प्रमुख उपलब्धि के रूप में व्यापक स्तर पर प्रचारित किया तथा राजपत्र (गजट) अधिसूचना जारी कर एक ट्रस्ट का गठन किया, जिसे मंदिर निर्माण, भूमि खरीद, प्रबंधन, दान-दक्षिणा एवं उससे जुड़े सभी कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई।
धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि हाल ही में विभिन्न मीडिया रिपोर्टों में मंदिर से जुड़े हजारों करोड़ रुपये के कथित चंदा चोरी एवं वित्तीय अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ऐसी स्थिति में यह स्पष्ट किया जाना आवश्यक है कि जिस ट्रस्ट का गठन केंद्र सरकार द्वारा किया गया और जिसमें केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रतिनिधि भी शामिल हैं, उसमें हुई कथित वित्तीय अनियमितताओं की जिम्मेदारी किसकी है।
उन्होंने सरकार से पूछा कि क्या उसे नहीं लगता कि इस प्रकार की कथित चंदा चोरी से देश-विदेश में करोड़ों सनातन श्रद्धालुओं की आस्था को गहरी ठेस पहुँची है। यदि सरकार इस बात से सहमत है, तो वह सदन को बताए कि इस मामले में अब तक कितने लोगों की जिम्मेदारी तय की गई है, दोषियों के विरुद्ध क्या कार्रवाई की गई है तथा उन्हें कब तक दंडित किया जाएगा।
सांसद धर्मेन्द्र यादव ने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास कायम रहे और सत्य देश के सामने आ सके।






