TV20 NEWS || LUCKNOW:काकोरी ट्रेन एक्शन की 102वीं वर्षगांठ पर शहीद स्मारक स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, पुस्तक का किया विमोचन एवं शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित

काकोरी ट्रेन एक्शन की 102वीं वर्षगांठ पर शहीद स्मारक स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, पुस्तक का किया विमोचन एवं शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित

• काकोरी के अमर शहीदों का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर : उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ, 09 अगस्त 2026। आज काकोरी शहीद स्मारक स्थल, लखनऊ में काकोरी ट्रेन एक्शन की 102वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में मा0 उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने सहभागिता की जिसकी मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने अध्यक्षता की, श्री मौर्य जी ने काकोरी शहीद मंदिर में स्थापित अमर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर क्रांतिकारियों को नमन किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया तथा काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस के अवसर पर आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने काकोरी ट्रेन एक्शन के गौरवशाली इतिहास एवं अमर क्रांतिकारियों के जीवन, संघर्ष और बलिदान पर आधारित ‘काकोरी ट्रेन एक्शन’ पुस्तक का विमोचन भी किया।

कार्यक्रम के दौरान अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों तथा आश्रितों को सम्मानित किया गया। उप मुख्यमंत्री जी ने शहीद कैप्टन मनोज पांडेय, शहीद लांस नायक केवला नंद द्विवेदी, शहीद राइफलमैन सुनील जंग, शहीद श्री शिव नारायण गुप्ता, श्री रामकृष्ण खत्री, शहीद शचीन्द्रनाथ बख्शी, शहीद ठाकुर रोशन सिंह, शहीद श्री अशफाक उल्ला खान, स्वर्गीय कुंवर सिंह चौधरी एवं स्वर्गीय राजा सिंह सहित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के आश्रितों को सम्मानित किया।

उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने अपने संबोधन में कहा कि ‘काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस’ हमारे अमर क्रांतिकारियों के अदम्य साहस, अटूट राष्ट्रभक्ति, त्याग और सर्वोच्च बलिदान का स्मरण कराने वाला महत्वपूर्ण अवसर है। काकोरी की धरती भारत के स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास की साक्षी रही है। यहां के अमर क्रांतिकारियों ने मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति देकर देशवासियों के सामने राष्ट्रभक्ति और साहस की अनुपम मिसाल प्रस्तुत की। काकोरी के अमर शहीदों का बलिदान केवल इतिहास का एक अध्याय नहीं, बल्कि राष्ट्र की अमूल्य धरोहर और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके त्याग और संघर्ष ने स्वतंत्रता आंदोलन को नई ऊर्जा प्रदान की। आज का यह दिवस हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है।

श्री मौर्य जी ने कहा कि हमें अपने महान क्रांतिकारियों के जीवन एवं विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना होगा, ताकि बच्चे और युवा उनके त्याग, संघर्ष, अनुशासन, साहस एवं राष्ट्रप्रेम से प्रेरणा ले सकें। काकोरी ट्रेन एक्शन की स्मृतियां देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति की भावना को निरंतर मजबूत करती रहेंगी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश अपनी गौरवशाली विरासत, स्वतंत्रता संग्राम के नायकों और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले महापुरुषों को सम्मान देने का कार्य कर रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार भी स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों एवं शहीदों की स्मृतियों को संरक्षित करने तथा उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उप मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आजादी के अमृत काल में हमारा संकल्प होना चाहिए कि हम अपने देश को विकसित, आत्मनिर्भर, समृद्ध और सशक्त राष्ट्र बनाने में अपना योगदान दें। अमर शहीदों ने जिस भारत का सपना देखा था, उस भारत के निर्माण की जिम्मेदारी वर्तमान पीढ़ी के कंधों पर है। कार्यक्रम में अमर शहीदों के जीवन एवं बलिदान पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। बच्चों एवं कलाकारों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह में राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल किया। बड़ी संख्या में उपस्थित बच्चों ने कार्यक्रम के माध्यम से देश के स्वतंत्रता संग्राम और अमर क्रांतिकारियों के गौरवशाली इतिहास को जाना।

इस अवसर पर मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी, मा0 उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक जी, उत्तर प्रदेश सरकार में मा0 कैबिनेट मंत्री श्री जयवीर सिंह जी, मा0 महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी, मा0 जनप्रतिनिधिगण, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन, शहीदों के आश्रित, अधिकारीगण, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में बच्चे एवं आमजन उपस्थित रहे।