*TV 20 NEWS || AZAMGARH : हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत आजमगढ़ में राष्ट्रभक्ति का उत्सव*

हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत आजमगढ़ में राष्ट्रभक्ति का उत्सव

गांव की पगडंडियों से कलेक्ट्रेट मुख्यालय तक गूंज रहा तिरंगा, वंदे मातरम् के गायन से देशभक्ति का माहौल

3.50 लाख तिरंगा झण्डों का शासकीय स्तर पर वितरण, स्वयं सहायता समूहों ने साढ़े लाख झण्डे तैयार कर महिला आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की

आजमगढ़, 13 अगस्त, 2026।
वन्दे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में जनपद आजमगढ़ में उत्सव एवं उल्लास के रूप में मनाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से जनपदवासियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान तथा स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों एवं आदर्शों के प्रति जागरूकता का भाव सुदृढ़ किया जा रहा है।

अभियान के अंतर्गत गांव की पगडंडियों से लेकर कलेक्ट्रेट मुख्यालय तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इनमें तिरंगा रैली, तिरंगा पदयात्रा, तिरंगा प्रदर्शनी, तिरंगा कॉन्सर्ट, तिरंगा सेल्फी, तिरंगा रंगोली, तिरंगा प्रकाश सज्जा एवं अलंकरण, तिरंगा प्रेरित कलाकृतियां, स्वतंत्रता दिवस विषयक क्विज, भाषण, निबंध, पेंटिंग एवं रंगोली प्रतियोगिताएं प्रमुख हैं। इसके साथ ही खिलाड़ियों द्वारा आजादी पर्व की थीम पर आधारित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं।

स्वयं सहायता समूहों ने बनाए साढ़े तीन लाख तिरंगा, महिला आत्मनिर्भरता की बनी मिसाल
जनपद में स्वयं सहायता समूहों द्वारा 3.5 लाख तिरंगा झण्डों का निर्माण एवं वितरण किया गया है। इस कार्य से ग्रामीण महिलाओं को रोजगार एवं आय का अवसर मिलने के साथ ही वे ‘लखपति दीदी’ बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा राष्ट्रध्वज निर्माण में सहभागिता महिला आत्मनिर्भरता एवं स्वावलम्बन का प्रेरक उदाहरण बन रही है। वहीं, नगरीय निकायों में 1.50 लाख तिरंगा झण्डों का वितरण किया गया है। इस प्रकार जिला प्रशासन द्वारा शासकीय स्तर पर कुल 3.50 लाख तिरंगा झण्डों का वितरण किया गया है। इसके अतिरिक्त आजमगढ़वासियों द्वारा भी तिरंगे के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना प्रदर्शित करते हुए बड़ी संख्या में झण्डों की खरीद कर अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर तिरंगा फहराया जा रहा है।
स्वतंत्रता सेनानियों एवं महापुरुषों की जीवनी से नई पीढ़ी को जोड़ा जा रहा है।

जिला सूचना कार्यालय द्वारा स्वतंत्रता संग्राम की समरवेदी में अपने प्राणों की आहुति देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं महापुरुषों की जीवनी, तिरंगा यात्रा, आजादी का आंदोलन तथा विभाजन की कहानी आदि विषयों पर आधारित पुस्तकों का वितरण किया जा रहा है। इसके माध्यम से जनपदवासियों, विशेषकर युवा पीढ़ी में स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों, राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति एवं लोकतांत्रिक आदर्शों के प्रति जागरूकता पैदा की जा रही है। भारत सरकार द्वारा जारी ‘हर घर तिरंगा’ वेबसाइट के लिंक का विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसके फलस्वरूप बड़ी संख्या में आजमगढ़वासी तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी एवं फोटो लेकर आवश्यक जानकारी दर्ज कर हर घर तिरंगा प्रमाण पत्र प्राप्त कर रहे हैं। युवा वर्ग फेसबुक, व्हाट्सऐप, इंस्टाग्राम एवं एक्स सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रमाण पत्र का स्टेटस लगाकर देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को अभिव्यक्त कर रहा है। जिला सूचना कार्यालय द्वारा जनपद के मीडिया बंधुओं को भी तिरंगा झण्डों का वितरण किया जा रहा है, जिससे अभियान का संदेश व्यापक स्तर तक पहुंचाया जा सके।

स्कूल-कॉलेजों में प्रभात फेरी एवं तिरंगा रैली से गूंजा राष्ट्रप्रेम का संदेश
जिला विद्यालय निरीक्षक एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में जनपद के सभी स्कूलों एवं कॉलेजों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विद्यालयों में प्रभात फेरी, तिरंगा रैली, पदयात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं स्वतंत्रता आंदोलन पर आधारित नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जा रहा है। विद्यालयों की दीवारों एवं सूचना पट्टों को तिरंगा प्रेरित कलाकृतियों से सजाया गया है। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए स्वतंत्रता आंदोलन एवं राष्ट्रभक्ति आधारित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को सम्मानित किया जा रहा है। इन आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों में देश के स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय ध्वज एवं राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है।

शहीद स्थलों एवं स्मारकों की साफ-सफाई कर शहीद नायकों को किया गया नमन
जनपद के सभी विकास खण्डों में स्थित शहीद स्थलों, शहीदों की मूर्तियों एवं तोरण द्वारों की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई एवं आवश्यक मरम्मत का कार्य कराया गया है। इन स्थलों पर शहीद नायकों को माल्यार्पण कर नमन किया जा रहा है तथा उनके त्याग एवं बलिदान से युवा पीढ़ी को परिचित कराया जा रहा है। कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को यह संदेश दिया जा रहा है कि देश की स्वतंत्रता असंख्य वीरों के त्याग एवं बलिदान का परिणाम है और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

पीडीएस दुकानों एवं अमृत सरोवरों पर भी तिरंगे का उत्सव
जनपद की सभी पीडीएस दुकानों अर्थात सरकारी राशन की दुकानों पर आकर्षक तिरंगा सेल्फी प्वाइंट बनाए गए हैं। राशन लेने पहुंच रहे लाभार्थी इन सेल्फी प्वाइंट पर तिरंगे के साथ फोटो लेकर अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज करा रहे हैं। इसी प्रकार बड़ी संख्या में अमृत सरोवरों पर तिरंगा झण्डा फहराकर संगोष्ठियों का आयोजन किया जा रहा है। इन संगोष्ठियों के माध्यम से ग्रामीण जनमानस को स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति एवं स्वतंत्रता के मूल्यों तथा आदर्शों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के मार्गदर्शन में जनपद में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को जन-जन की सहभागिता से जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है। अभियान के माध्यम से आजमगढ़ में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति कृतज्ञता और राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना को सुदृढ़ किया जा रहा है। हर घर तिरंगा अभियान-2026’ का आयोजन जनपद में 17 अगस्त, 2026 तक किया जाएगा।