*TV 20 NEWS || AZAMGARH : आज 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर जनपद में होंगे विविध कार्यक्रम*
आज 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर जनपद में होंगे विविध कार्यक्रम
हरिऔध कला केन्द्र सहित विभिन्न स्थानों पर लगेगीं प्रदर्शनी, फिल्म एवं डॉक्यूमेंटरी का होगा प्रदर्शन
विभाजन की त्रासदी से प्रभावित परिवारों के परिजनों को किया जाएगा सम्मानित, शैक्षणिक संस्थानों में होंगे व्याख्यान, चर्चा, नाटक एवं क्विज
आजमगढ़, 13 अगस्त 2026।
शासन के निर्देशों के क्रम में 14 अगस्त 2026 को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर जनपद आजमगढ़ में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। विभाजन की त्रासदी में अपने प्राण गंवाने वाले तथा विस्थापन का दंश झेलने वाले लोगों की स्मृति को सम्मान देने एवं नई पीढ़ी को उस दौर की परिस्थितियों से अवगत कराने के उद्देश्य से जनपद में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जनपदीय मुख्य कार्यक्रम हरिऔध कला केन्द्र में आयोजित किया जाएगा।
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर भारत सरकार द्वारा विभाजन विभीषिका पर तैयार की गई सामग्री पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी के माध्यम से भारत-पाकिस्तान विभाजन के दौरान उत्पन्न परिस्थितियों, विस्थापन, पीड़ा एवं संघर्ष को प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही विभाजन के समय विस्थापित होकर भारत आए परिवारों के परिजनों को कार्यक्रम में आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा।
विभाजन की त्रासदी से प्रभावित विस्थापित परिवारों से संबंधित उपलब्ध दुर्लभ एवं स्मृति सामग्री को भी प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि वर्तमान पीढ़ी उस दौर की कठिन परिस्थितियों और विस्थापित परिवारों के संघर्ष को समझ सके। इसके अतिरिक्त भारत-पाकिस्तान विभाजन की विभीषिका पर आधारित फिल्मों एवं डॉक्यूमेंटरी का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
विभाजन की त्रासदी में पीड़ित एवं दिवंगत हुए लोगों की स्मृति में कार्यक्रम के दौरान दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इस अवसर पर विभाजन के दौरान अपने घर-परिवार एवं संपत्ति से विस्थापित होकर कठिन परिस्थितियों का सामना करने वाले लोगों के साहस, धैर्य और संघर्ष को भी स्मरण किया जाएगा।
जनपद के स्कूल एवं कॉलेजों में भी विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें विभाजन की त्रासदी पर आधारित व्याख्यान, परिचर्चा, वाद-विवाद, नाटक मंचन एवं क्विज प्रतियोगिताएं शामिल होंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं को विभाजन के ऐतिहासिक घटनाक्रम, उसके मानवीय प्रभाव तथा उससे प्रभावित लोगों के संघर्ष एवं बलिदान के प्रति जागरूक किया जाएगा।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का उद्देश्य विशेष रूप से युवा पीढ़ी को विभाजन की त्रासदी से अवगत कराना तथा उस कठिन दौर में प्रभावित लोगों द्वारा प्रदर्शित साहस, धैर्य एवं बलिदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमें इतिहास के उस अध्याय को समझने का अवसर प्रदान करते हैं, जिससे आने वाली पीढ़ियां मानवीय मूल्यों, सामाजिक सद्भाव एवं एकता के महत्व को समझ सकें।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में अधिक से अधिक सहभागिता करें तथा विशेष रूप से युवा पीढ़ी को इन कार्यक्रमों से जोड़ते हुए इतिहास की उस त्रासदी से परिचित कराएं, ताकि विभाजन के दौरान प्रभावित लोगों के संघर्ष और बलिदान को सदैव स्मरण रखा जा सके।






