TV20 NEWS ||AZAMGARH :महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय में हुआ ‘खेलो इंडिया संवाद’,2036 ओलंपिक के लिए खेल प्रतिभाओं को तैयार करने पर जोर
आजमगढ़। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से 27 अगस्त 2026 को कुलपति के निर्देशन में महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ में ‘खेलो इंडिया संवाद—खेल की बात, प्रधानमंत्री के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल, फिटनेस, प्रतिभा विकास एवं राष्ट्र निर्माण से जोड़ना तथा उनमें खेलों के प्रति जागरूकता एवं सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता श्री सूरज प्रकाश श्रीवास्तव रहे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक श्री आनंद मौर्य की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री ने युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने, फिटनेस को जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा देश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही वर्ष 2036 में भारत में प्रस्तावित ओलंपिक खेलों के लिए देश की युवा खेल प्रतिभाओं को तैयार करने की दिशा में निरंतर प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया गया।
प्रधानमंत्री के संबोधन के पश्चात आयोजित ‘युवा संवाद’ में मुख्य अतिथि श्री सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों की खेलों में रुचि, प्रशिक्षण संबंधी आवश्यकताओं, सामने आने वाली चुनौतियों तथा भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने खेलों में सफलता, प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं की तैयारी और खेलों में करियर की संभावनाओं से जुड़े प्रश्न भी पूछे।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए श्री सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा, “खेल में सफलता केवल प्रतिभा से नहीं मिलती, बल्कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन, धैर्य और आत्मविश्वास के माध्यम से लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।” उन्होंने विद्यार्थियों से खेलों को केवल प्रतियोगिता तक सीमित न रखते हुए इसे व्यक्तित्व विकास और स्वस्थ जीवनशैली का माध्यम बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के समन्वयक डॉ. देवेन्द्र कुमार पांडेय, डॉ. मनीषा सिंह, डॉ. हरेंद्र सिंह प्रजापति, शांभवी तिवारी, शुभम राय, डॉ. सचिन राय एवं डॉ. परमानंद पांडेय ने सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शिवांगी सिंह ने किया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण मुख्य अतिथि श्री सूरज प्रकाश श्रीवास्तव और विद्यार्थियों के बीच हुआ सीधा संवाद रहा। संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा पहचानने, निर्धारित लक्ष्य तय करने और उसे हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा मिली






