TV20 NEWS || UNNAO: पुलिसलाइन के प्राथमिक विद्यालय में वृक्ष रक्षा बंधन उत्सव, बच्चों ने पुलिस अंकल के साथ पेड़-पौधों को राखी बांधी
उन्नाव l रक्षाबंधन के अवसर पर पेड़-पौधों की रक्षा के लिए एक अनूठी पहल की गई , ‘ट्री मैन’ के नाम से मशहूर पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी अनूप मिश्रा द्वारा चलाई जा रही वृक्ष संरक्षण मुहिम के तहत रिजर्व पुलिस लाइन स्थित प्राथमिक विद्यालय में आज वृक्ष रक्षा बंधन उत्सव मनाया गया।
इस अवसर पर उपनिरीक्षक अनूप मिश्रा ने अपनी पत्नी सब इंस्पेक्टर रीना पाण्डेय, विद्यालय प्रभारी नुपुर श्रीवास्तव और बच्चों के साथ पेड़-पौधों को राखी बांधी। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों को वृक्षों रक्षा का संकल्प दिलाया l इस अवसर पर अनूप मिश्रा ने बच्चों को पेड़-पौधों का महत्व समझाया, उन्होंने बच्चों को वृक्षों की देखरेख करने के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में पुलिस दंपति अनूप मिश्रा और रीना पांडेय ने बच्चों को चॉकलेट और मिठाई भी भेंट की।
अभियान संयोजक अनूप मिश्रा ने बताया कि इस मुहिम के तहत जनपद के 100 से अधिक सरकारी स्कूलों और एक लाख से अधिक लोगों को सोशल मीडिया के माध्यम से अभी तक जोड़ा गया है। पेड़-पौधों की रक्षा के लिए आम जनमानस को व्हाट्सएप संदेश भेजकर रक्षाबंधन पर्व को पर्यावरण रक्षा उत्सव के रूप में मनाने की अपील की जा रही है।
उप निरीक्षक अनूप मिश्र ‘ट्री मैन’ के नाम से भी मशहूर हैं वो अब तक एक लाख से ज्यादा पौधे लगा चुके हैं , इसी कड़ी में उन्होंने रक्षा बंधन के पर्व पर उन्नाव के सरकारी स्कूल में वृक्ष रक्षाबंधन मुहिम की अनोखी पहल की हैl






