*TV 20 NEWS || AZAMGARH:शम्भूपुर घटना की मजिस्ट्रियल जांच हेतु जांच अधिकारी नामित, प्रत्यक्षदर्शी एवं ग्रामवासियों से साक्ष्य/बयान देने की अपील*
आजमगढ़, 05 अक्टूबर, 2026/
उप जिला मजिस्ट्रेट, बूढ़नपुर चन्द्र प्रकाश सिंह ने सर्व साधारण को सूचित किया है कि जिला मजिस्ट्रेट, आजमगढ़ के आदेश के अनुपालन में ग्राम शम्भूपुर, थाना अहरौला, तहसील बूढ़नपुर, जनपद आजमगढ़ में दिनांक 22 सितम्बर 2026 लगभग सायं 05:00 बजे घटित घटना में अरविन्द सिंह द्वारा अपने घर में गायत्री पूजा से क्षुब्ध होकर अपनी पत्नी बबिता एवं महेन्द्र प्रसाद पाठक पुत्र स्व० सुदामा पाठक निवासी ग्राम इब्राहिमपुर, थाना अहरौला एवं अखिलेश मिश्रा पुत्र लालधर मिश्रा निवासी ग्राम आछेपुर छत्तौना, थाना अहरौला को अपने लाइसेन्सी असलहा से गोली मारकर हत्या कर दी गयी तथा अपने तीन बच्चों के साथ अपने आपको अपने घर में बंद कर लिया। उक्त घटना की सूचना होने पर जोन एवं जनपद की पुलिस उच्चाधिकारी तथा पर्याप्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कमरे में बच्चों के साथ बंद अभियुक्त अरविन्द सिंह को समझा-बुझाकर आत्मसर्पण किये जाने का प्रयास किया गया, किन्तु प्रयास करने के बाद अभियुक्त द्वारा धमकाया जा रहा था कि मैने जिस तरह से तीन लोगों की हत्या कर दी है, उसी तरह से अपने तीनो बच्चों को गोली मार दूंगा। दिनांक 23 सितम्बर 2026 को रात्रि 00:50 बजे बंद कमरे से अचानक गोली चलने व बच्चों की रोने-चीखने की आवाज आयी, जिस पर मौके पर उपस्थित उच्चाधिकारियों ने बच्चों की जान-माल की सुरक्षा को देखते हुए दरवाजा तोड़ने का निर्णय लिया। दरवाजा टूटते ही अभियुक्त ने गोली चला दी, जिसके जवाबी कार्यवाही में अभियुक्त घायल हो गया।
उक्त घटना की मजिस्ट्रीयल जांच उप जिला मजिस्ट्रेट, बूढ़नपुर द्वारा की जा रही है, जो भी ग्रामवासी या प्रत्यक्षदर्शी उक्त घटना के सम्बन्ध में अपने लिखित/मौखिक साक्ष्य या बयान देना चाहते हैं, आज से दिनांक 21 अक्टूबर 2026 के मध्य में किसी भी कार्य दिवस पर तहसील स्थित न्यायालय/कार्यालय में उपस्थित होकर बयान दर्ज करा सकते है।






