*TV 20 NEWS || LUCKNOW:जनता दर्शन में कहा “हर समस्या को समाधान तक ले जाने का पूरा प्रयास करता हूं”- उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य*
मीडिया कार्यालय – उप मुख्यमंत्री
प्रेस विज्ञप्ति
• *जनता की समस्या सुनी, मौके से ही अफसरों को किया फोन, उपमुख्यमंत्री मौर्य ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश*
• *7 कालिदास मार्ग पर जनता दर्शन: आवास से लेकर सड़क-बिजली तक की समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई*
• *गरीब, महिला, युवा और दिव्यांग की समस्याओं पर संवेदनशील सरकार—जनता दर्शन में मौर्य ने अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश*
*लखनऊ, 05 अक्टूबर 2026। उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को अपने सरकारी आवास 7, कालिदास मार्ग, लखनऊ पर जनता दर्शन में प्रदेशभर से आए लोगों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।* जनता दर्शन में मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र की श्रीमती ओमवती पत्नी स्व. गजराज सिंह ने जमीन पर कब्जे की समस्या रखी। लखीमपुर खीरी की विधवा श्रीमती अनुपमा गुप्ता ने प्रधानमंत्री आवास की मांग रखी। दिव्यांग श्री बृजमोहन मौर्य ने इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। बरेली के ग्राम घनेटा निवासी श्री जगत मौर्य ने बारात घर एवं तालाब की बाउंड्री निर्माण, कौशाम्बी के श्री कौशल मौर्य ने आईटीआई संस्थान में इंटरलॉकिंग निर्माण तथा कौशाम्बी की श्रीमती पूजा पत्नी श्री शिवसागर और रामपुर की श्रीमती डौली पत्नी श्री परम ने प्रधानमंत्री आवास से संबंधित मांग रखी। जनता दर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना, सड़क, नाली, पेयजल, विद्युत, शौचालय, उपचार, भूमि विवाद, बारात घर, तालाब की बाउंड्री तथा दिव्यांगजनों की सहायता से जुड़े बड़ी संख्या में प्रकरण सामने आए।
*श्री मौर्य ने कहा, “प्रदेशभर से आए मेरे युवा दोस्तों, मां-बाप समान बुजुर्गों और बहनों की समस्याओं को मैंने सुना और समझा है। मैं हर समस्या को समाधान तक ले जाने का पूरा प्रयास करता हूं। डबल इंजन सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश का हर परिवार सुख, सम्मान और समृद्धि से पूर्ण हो।”* उन्होंने कहा कि जनता की सेवा और उनकी समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता दर्शन में आए युवा, बुजुर्ग, महिलाएं, दिव्यांगजन और जरूरतमंद परिवारों की समस्याओं को सुनने के साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
*उपमुख्यमंत्री ने इन प्रकरणों पर संबंधित अधिकारियों से तत्काल दूरभाष पर संपर्क कर दिए निर्देश ।* जिलाधिकारी आगरा, बहराइच, फर्रुखाबाद, शामली, अयोध्या, हमीरपुर एवं मैनपुरी सहित पुलिस अधीक्षक मऊ, सीतापुर, शाहजहांपुर और कौशाम्बी से दूरभाष पर वार्ता कर जनसमस्याओं के नियमानुसार शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। कई प्रकरणों में लिखित आदेश भी जारी किए गए।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। प्रधानमंत्री आवास योजना से गरीब परिवारों को पक्का घर, स्वच्छ भारत मिशन से शौचालय, ग्रामीण सड़क एवं जल योजनाओं से बेहतर बुनियादी सुविधाएं और दिव्यांगजन कल्याण की योजनाओं से जरूरतमंदों को सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
जनता दर्शन में प्राप्त प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
रतन सिंह, सूचनाधिकारी, उप मुख्यमंत्री (एम)






