*TV 20 NEWS || AZAMGARH : 23 साल से सड़क की बाट जोह रहे ग्रामीणों ने डीएम को सौंपा स्मरण पत्र; पूर्व में दिए निर्देश के बावजूद नहीं हुआ स्थलीय निरीक्षण, ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश*
आजमगढ़। विकास खंड सठियांव के ग्राम समेंदा एवं राउतमऊ (रथुआ) के ग्रामीणों ने 23 वर्षों से लंबित अति-जर्जर मार्ग के निर्माण को लेकर जिलाधिकारी को स्मरण पत्र सौंपा है। ग्रामीणों का आरोप है कि 22 सितंबर 2026 को दिए गए ज्ञापन पर जिलाधिकारी द्वारा एडीएम सदर एवं पुलिस विभाग को निष्पक्ष पैमाइश, स्थलीय निरीक्षण तथा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अब तक मौके पर प्रशासनिक टीम नहीं पहुंची।
ग्रामीणों के अनुसार समेंदा-रथुआ से भरथहीं नहर मार्ग, गाटा संख्या 484 करीब 23 वर्षों से बदहाल है। मार्ग के निर्माण में कथित तौर पर स्थानीय लोगों द्वारा बाधा उत्पन्न की जा रही है। इसके साथ ही जल जीवन मिशन के कार्य में भी अड़चन आने की बात ग्रामीणों ने कही है।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने से लोगों में निराशा बढ़ रही है और निर्माण कार्य का विरोध करने वालों के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उन्हें धमकी और मानसिक प्रताड़ना का सामना भी करना पड़ रहा है।
जर्जर मार्ग के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को आवागमन में परेशानी हो रही है। वहीं, बीमार एवं गर्भवती महिलाओं को अस्पताल ले जाने में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से पूर्व में दिए गए निर्देशों का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित कराने की मांग की है। उन्होंने एडीएम सदर, राजस्व टीम एवं पुलिस बल को मौके पर भेजकर विवादित स्थल की पैमाइश कराने, अवैध बाधा हटाने तथा सड़क निर्माण एवं जल जीवन मिशन का कार्य शुरू कराने की मांग की।
स्मरण पत्र देने वालों में प्रवेश मौर्य, मीरज मौर्य, रामकवल मौर्य, विजयी मौर्य सहित समेंदा एवं राउतमऊ (रथुआ) के अन्य ग्रामीण शामिल रहे।






