*TV 20 NEWS || LUCKNOW:प्रधानमंत्री मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष को बताया स्वर्णिम अध्याय;सेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण के योगदान को सराहा, विकसित भारत 2047 का संकल्प दोहराया*

*बधाई सन्देश*

*”सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 25 स्वर्णिम वर्ष!”*

यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के जनसेवा के 25 वर्ष स्वतंत्र भारत के इतिहास का एक स्वर्णिम और युगांतकारी अध्याय है। एक सच्चे तपस्वी की तरह उन्होंने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाया है। उनके दूरदर्शी निर्णयों, ऐतिहासिक सुधारों और सुशासन से आए मूलगामी बदलावों ने न केवल वर्तमान को संवारा है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मजबूत, स्वाभिमानी और सुरक्षित भविष्य का मार्ग भी प्रशस्त किया है।

सुदूर गांवों से लेकर वैश्विक मंचों तक, गरीबों के कल्याण से लेकर अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने वाले उनके प्रत्येक निर्णय ने देश को निराशा के अंधकार से निकालकर अटूट आत्मविश्वास से भरा है। जिस पीढ़ी ने कभी अभाव, संघर्ष और निराशा का जीवन देखा था, आज वही पीढ़ी आत्मविश्वास से लबरेज होकर ‘विकसित भारत’ की नींव रख रही है।

शोषित, वंचित, गरीब और युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्होंने हीनभावना के स्थान पर ‘हम कुछ भी कर सकते हैं’ का विश्वास जगाया है। यही कारण है कि आज भारत की युवा पीढ़ी वैश्विक मंचों पर आंख में आंख मिलाकर बात करती है और अवसरों के खुले आसमान में ‘नई उड़ान’ भर रही है।

आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने ऐसी मजबूत आर्थिक और सामाजिक आधारशिला रखी है, जिससे भावी पीढ़ियों को संघर्षों की विरासत नहीं, बल्कि अवसरों से भरी दुनिया और एक सशक्त व आत्मनिर्भर भारत मिलेगा।

एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प के साथ बोए गए सेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण के ये बीज आने वाली पीढ़ियों को एक सूत्र में पिरोते हुए सशक्त राष्ट्र की अमूल्य विरासत देंगे। 2047 का ‘विकसित भारत’ इसी आत्मविश्वासी पीढ़ी के हाथों अपने ‘स्वर्णिम शिखर’ को छुएगा। यही वह विरासत है, जिसके कारण माननीय प्रधानमंत्री जी ‘पीढ़ी-दर-पीढ़ी’ देश के ‘मानस पटल’ पर अंकित रहेंगे। जनसेवा की इस तपस्या और राष्ट्रनिर्माण की गौरवशाली 25 वर्षों की यात्रा पूर्ण होने पर आदरणीय प्रधानमंत्री जी को हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं!

जय हिंद! जय भारत!
*केशव प्रसाद मौर्य (उप मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश)*