*TV 20 NEWS || LUCKNOW:शारदीय नवरात्रि पर मां शैलपुत्री को नमन, उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना*
मीडिया कार्यालय – उप मुख्यमंत्री
प्रेस विज्ञप्ति
*शारदीय नवरात्रि पर मां शैलपुत्री को नमन, उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना*
*महाराजा अग्रसेन के सेवा-सहयोग के आदर्शों से मिलेगी समाज को नई दिशा : केशव मौर्य*
*जयप्रकाश नारायण और नानाजी देशमुख के विचार आज भी सामाजिक परिवर्तन के प्रेरणास्रो*
*बेटियों को समान अवसर, शिक्षा और सुरक्षा देना सशक्त समाज की आधारशिला : केशव मौर्य*
*अमिताभ बच्चन को दी जन्मदिन की आत्मीय बधाई*
उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य
लखनऊ: दिनांक 11-10-2026, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने देश और प्रदेशवासियों को शरदीय नवरात्रि, अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस, महाराजा अग्रसेन जयंती, लोकनायक जयप्रकाश नारायण जयंती और ‘राष्ट्रऋषि’ नानाजी देशमुख की पावन जयंती पर आत्मीय शुभकामनाएं देते हुए भारतीय सिनेमा के महान अभिनेता पद्म विभूषण श्री अमिताभ बच्चन को उनके जन्मदिन पर उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की मंगलकामनाएं दी हैं।
*शरदीय नवरात्रि एवं मां शैलपुत्री की वंदना*
शारदीय नवरात्रि के पावन प्रथम दिवस पर उप मुख्यमंत्री ने मां भगवती के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री के चरणों में कोटि-कोटि नमन किया है। उन्होंने प्रार्थना की है कि मां शैलपुत्री की कृपा से प्रदेश के प्रत्येक परिवार में सुख-समृद्धि का वास हो और सभी के जीवन में खुशहाली आए।
*लोककल्याण और समरसता के प्रतीक पर्व*
महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए श्री मौर्य ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी का जीवन सेवा, सहयोग, समरसता और जनकल्याण के आदर्शों का प्रतीक है। उनके द्वारा स्थापित सामाजिक मूल्यों ने समाज को परस्पर सहयोग और समान अवसरों की प्रेरणा दी है।
*भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य शत-शत नमन*
भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य एवं ‘भारत रत्न’ नानाजी देशमुख की पावन जयंती पर उन्हें शत-शत नमन करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नानाजी ने जाति, वर्ग और संप्रदाय के भेदों से परे हटकर एक समरस और स्वावलंबी समाज की नींव रखी। सादगी, शुचिता और कर्मठता की प्रतिमूर्ति उनका जीवन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
*अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस और महिला सशक्तिकरण*
बालिकाओं के अधिकारों, सम्मान, समान अवसर और सुरक्षित भविष्य को समर्पित अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर समस्त देशवासियों को बधाई देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हर बेटी को पोषण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य, तकनीकी ज्ञान और आत्मनिर्भर बनने के समान अवसर मिलना ही सशक्त समाज की आधारशिला है। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि वे बेटियों के सपनों को उड़ान दें और उनके मार्ग की हर बाधा दूर करें।
*लोकनायक जयप्रकाश नारायण को श्रद्धांजलि*
महान स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक एवं लोकतंत्र के सशक्त संवाहक ‘भारत रत्न’ लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन करते हुए उन्होंने कहा कि सामाजिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था में व्यापक परिवर्तन लाने के लिए उन्होंने ‘सम्पूर्ण क्रांति’ आंदोलन का नेतृत्व किया था, जिनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा को समर्पित रहा।
*विशेष शुभकामना संदेश*
इसके अतिरिक्त, ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित भारतीय सिनेमा के महान अभिनेता श्री अमिताभ बच्चन को जन्मदिन की आत्मीय बधाई देते हुए उप मुख्यमंत्री ने मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम से उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की है।
रतन सिंह, सूचनाधिकारी, उप मुख्यमंत्री (एम) 9454419743






