*TV 20 NEWS || LUCKNOW:भारद्वाज आश्रम एवं श्रृंगवेरपुर धाम के दीपोत्सव कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने की समीक्षा बैठक*

*मीडिया कार्यालय, उप मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश*
*प्रेस विज्ञप्ति*

– *भारद्वाज आश्रम एवं श्रृंगवेरपुर धाम के दीपोत्सव कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने की समीक्षा बैठक*

*6, 7 एवं 8 नवंबर को प्रयागराज से श्रृंगवेरपुर धाम तक श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क बस सेवा संचालित करने के निर्देश*

प्रयागराज। लखनऊ दिनांक 02.11.2026, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज सर्किट हाउस, प्रयागराज में भारद्वाज आश्रम एवं श्रृंगवेरपुर धाम में आयोजित होने वाले भव्य दीपोत्सव एवं श्रृंगवेरपुर महोत्सव की तैयारियों के संबंध में जिलाधिकारी, पुलिस अधिकारियों एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में आयोजन को भव्य, दिव्य एवं सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने के साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा, यातायात एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भारद्वाज आश्रम एवं श्रृंगवेरपुर धाम में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर ली जाएं। आयोजन में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के आवागमन, सुगम यातायात, पार्किंग, पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा एवं सुरक्षा के समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कानून-व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़ रखें।

श्री मौर्य ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि *6, 7 एवं 8 नवंबर, 2026 को प्रयागराज से श्रृंगवेरपुर धाम तक श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए निःशुल्क बस सेवा की व्यवस्था की जाए।* बसों के संचालन का समुचित प्रबंध किया जाए, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु सुगमता एवं सुविधापूर्वक महोत्सव में सम्मिलित हो सकें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बस सेवा के संचालन, निर्धारित ठहराव स्थलों एवं आवश्यक जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार भी सुनिश्चित किया जाए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रृंगवेरपुर धाम भगवान श्रीराम के वनगमन प्रसंग और निषादराज की पावन मैत्री से जुड़ी हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से प्रदेश की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहर को नई पहचान मिलती है। आयोजन में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

बैठक में भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री संजय गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती निर्मला पासवान एवं श्री राजेश शुक्ल, विधायक श्री गुरु प्रसाद मौर्य, अन्य जनप्रतिनिधिगण, पार्टी पदाधिकारीगण तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।