*TV 20 NEWS || AZAMGARH:स्व-गणना में जनभागीदारी से साकार होगा विकास का संकल्प, जिलाधिकारी ने की सहभागिता की अपील*
स्वगणना कार्यशाला में मीडिया बंधुओं का ऑनलाइन स्वगणना कराते हुए जनसहभागिता हेतु किया गया जागरूक
16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना अभियान, 01 दिसंबर से घर-घर पहुंचेगा प्रगणक दल
हर दिन एक नई थीम, हर वर्ग की भागीदारी से जनगणना का महाअभियान
डिजिटल जनगणना की अनूठी पहल: घर बैठे पोर्टल पर स्वयं दर्ज करें परिवार की जानकारी
आजमगढ़, 19 नवंबर 2026।
भारत की जनगणना–2027 के द्वितीय चरण अर्थात् जनसंख्या गणना के अंतर्गत जनपद में स्व-गणना (Self Enumeration) अभियान संचालित किया जा रहा है। इस संबंध में जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी रवीन्द्र कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनगणना स्वगणना कार्यशाला में जनपद के मीडिया बंधुओं सहित जनपद जनपदवासियों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए 30 नवंबर 2026 तक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in/ पर स्वयं अपने परिवार की जानकारी दर्ज करें।
जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं के निर्माण एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन का महत्वपूर्ण आधार है। इसमें प्रत्येक परिवार एवं प्रत्येक निवासी की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों, कार्यालयाध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षण संस्थानों, नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित दिवसवार थीम के अनुरूप जनजागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करें, ताकि जनपद के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार तक स्व-गणना का संदेश पहुंचे।
उन्होंने बताया कि स्व-गणना की सुविधा के माध्यम से परिवार का कोई भी सदस्य घर बैठे मोबाइल अथवा कंप्यूटर के माध्यम से निर्धारित प्रश्नों के उत्तर भर सकता है। इसके लिए मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी आधारित लॉगिन की व्यवस्था है। स्व-गणना पूर्ण होने के उपरांत प्राप्त SE ID को सुरक्षित रखना आवश्यक है, जिसे आगामी जनगणना प्रक्रिया के दौरान प्रगणक को उपलब्ध कराया जा सकेगा।
स्व-गणना की अवधि समाप्त होने के उपरांत दिनांक 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणक दल घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे। इस दौरान परिवारों से निर्धारित लगभग 40 प्रश्नों के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर उसे डिजिटल माध्यम से दर्ज किया जाएगा। इसके पश्चात 05 से 09 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण कार्य (Revisional Round) संपन्न होगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना में दी गई समस्त व्यक्तिगत जानकारी जनगणना अधिनियम, 1948 के प्रावधानों के अंतर्गत गोपनीय रखी जाती है। जनगणना के लिए किसी प्रकार के दस्तावेज अथवा प्रमाण-पत्र की मांग नहीं की जाती है। अतः सभी निवासी निःसंकोच सही एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराएं।
जनपद में डे-वाइज थीम आधारित जनजागरूकता अभियान
जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी, आजमगढ़ द्वारा दिनांक 16 नवंबर से 29 नवंबर 2026 तक विभिन्न वर्गों एवं संस्थानों को केंद्रित करते हुए दिवसवार जनजागरूकता एवं स्व-गणना सहभागिता कार्ययोजना निर्धारित की गई है। इसका उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर स्व-गणना के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
इस क्रम में निर्धारित दिवसवार थीम एवं लक्षित समूह निम्नवत हैं—
दिन-1 | 16 नवंबर | राजस्व एवं प्रशासन/जनप्रतिनिधि दिवस: सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, विभागाध्यक्ष, सरकारी कर्मचारी एवं राजस्व विभाग के कार्मिकों को स्व-गणना के लिए प्रेरित किया गया।
दिन-2 | 17 नवंबर | स्थानीय प्रशासन एवं ग्रामीण विकास दिवस: नगर निकाय, पंचायत प्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव एवं कृषि संस्थानों को अभियान से जोड़ा गया।
दिन-3 | 18 नवंबर | युवा एवं खेल समुदाय/मीडिया दिवस: एनएसएस, एनसीसी, युवा क्लब, खेल स्टेडियम, खेल संघों एवं मीडिया संस्थानों के माध्यम से जनजागरूकता का संदेश प्रसारित किया गया।
दिन-4 | 19 नवंबर | जनपद में निवास करने वाले प्रख्यात व्यक्तित्व एवं शहरी समूह दिवस: पद्म पुरस्कार विजेताओं, विशिष्ट व्यक्तियों, आरडब्ल्यूए, गेटेड सोसायटी एवं प्रमुख हस्तियों को स्व-गणना में सहभागिता हेतु प्रेरित किया जा रहा है।
दिन-5 | 20 नवंबर | न्यायिक दिवस: न्यायपालिका एवं बार एसोसिएशन के माध्यम से स्व-गणना का संदेश प्रसारित किया जाएगा।
दिन-6 | 21 नवंबर | वर्दीधारी बल दिवस: पुलिस एवं पीएसी सहित अन्य वर्दीधारी बलों को अभियान से जोड़ा जाएगा।
दिन-7 | 22 नवंबर | केंद्रीय सरकारी कार्यालय एवं वित्त दिवस: बैंक, रेलवे, डाकघर, कोषागार एवं अन्य वित्तीय संस्थानों में सामूहिक स्व-गणना एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
दिन-8 | 23 नवंबर | शिक्षा दिवस: स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, पॉलिटेक्निक, आईटीआई एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को स्व-गणना के लिए प्रेरित किया जाएगा।
दिन-9 | 24 नवंबर | स्वास्थ्य दिवस: मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग होम, स्वास्थ्य विभाग, आशा कार्यकर्ता, आयुष एवं अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के कार्मिकों को अभियान से जोड़ा जाएगा।
दिन-10 | 25 नवंबर | उद्योग एवं परिवहन दिवस: दुकानदारों, मंडियों, व्यापारियों, होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों, परिवहनकर्ताओं तथा इंजीनियरिंग विभागों के माध्यम से जनजागरूकता की जाएगी।
दिन-11 | 26 नवंबर | महिला एवं स्वयं सहायता समूह दिवस: महिला नेतृत्व वाले स्वयं सहायता समूहों, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से परिवारों को स्व-गणना हेतु प्रेरित किया जाएगा।
दिन-12 | 27 नवंबर | डिजिटल पहुंच सहायता दिवस: कॉमन सर्विस सेंटर (CSC), पंचायत भवन एवं शहरी वार्ड कार्यालयों में हेल्प डेस्क एवं सहायता केंद्रों के माध्यम से लोगों को स्व-गणना में सहयोग दिया जाएगा।
दिन-13 | 28 नवंबर | घर से काम करने वाले एवं डिजिटल उपयोगकर्ता दिवस: ऑनलाइन कार्य करने वाले व्यक्तियों, विद्यार्थियों, सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करने वाले लोगों को लक्षित किया जाएगा।
दिन-14 | 29 नवंबर | प्राइड डे: LGBTQ परिवारों को स्व-गणना के प्रति जागरूक करते हुए उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जनपद में व्यापक प्रचार-प्रसार एवं सहायता व्यवस्था
जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी संबंधित विभागाध्यक्षों, कार्यालयाध्यक्षों एवं संस्थानों को अपने-अपने कार्यालयों एवं अधीनस्थ इकाइयों में स्व-गणना की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
समस्त विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करने तथा प्रशिक्षण एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने पर विशेष जोर दिया गया है। नगर पालिका, नगर पंचायत एवं ग्राम पंचायत स्तर पर मुनादी, प्रचार वाहनों एवं अन्य जनसंचार माध्यमों से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त बैंकों, रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंड, अस्पतालों, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर फ्लेक्सी, बैनर एवं प्रचार सामग्री के माध्यम से लोगों को स्व-गणना पोर्टल की जानकारी दी जाएगी। सभी विभागों एवं संबंधित अधिकारियों को अपने द्वारा आयोजित गतिविधियों की जानकारी सोशल मीडिया पर #census2027, #censusup, #censusazamgarh एवं #censusazamgarh2027 हैशटैग के साथ साझा करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी ने कहा कि जनगणना को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए सभी विभागों एवं जनपदवासियों का सामूहिक प्रयास आवश्यक है। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि निर्धारित दिवसवार कार्ययोजना के अनुसार प्रत्येक लक्षित समूह तक पहुंच बनाते हुए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्व-गणना के प्रति व्यापक जागरूकता सुनिश्चित की जाए तथा अधिकाधिक परिवार इस डिजिटल सुविधा का लाभ उठाएं।
अंत में जिला जनगणना अधिकारी राजीव कुमार शुक्ला ने जनपद के समस्त मीडिया बंधुओं व निवासियों से अपील की कि वे निर्धारित समयावधि में स्वयं स्व-गणना करें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। कार्यशाला में मीडिया बंधुओं का ऑनलाइन स्वगणना कराते हुए उन्हें डिजिटल जानकारी से अवगत कराया गया।
जिला जनगणना अधिकारी ने बताया कि स्व-गणना पूर्ण होने के बाद प्राप्त SE ID को सुरक्षित रखना आवश्यक है, ताकि घर-घर गणना के दौरान प्रगणक को उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों से भी अपने निर्धारित क्षेत्रों में नागरिकों को आवश्यक जानकारी एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने का आह्वान किया।
स्वागणना कार्यशाला में जिला सूचना अधिकारी डॉ पंकज कुमार ,जनगणना प्रभारी आकाश राय ने स्वगणना के विभिन्न आयामों पर बल दिया। इस अवसर पर जनपद के समस्त प्रिंट, इलेक्ट्रानिक व सोशल मीडिया के मीडिया बंधु उपस्थित रहे।






