*TV 20 NEWS || AZAMGARH :प्रख्यात व्यक्तित्वों एवं शहरी समूहों को समर्पित रहा स्व-गणना जागरूकता अभियान का चौथा दिन*

जनगणना–2027 | आजमगढ़, उत्तर प्रदेश

 

जिला विकास अधिकारी एवं जिला सूचना अधिकारी ने किया संबोधित, प्रख्यात व्यक्तियों से स्व-गणना कराकर आमजन को दिया सहभागिता का संदेश

आजमगढ़, 19 नवंबर 2026/

भारत की जनगणना–2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत संचालित स्व-गणना (Self Enumeration) अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तर प्रदेश द्वारा निर्धारित दिवसवार कार्ययोजना के क्रम में अभियान का चौथा दिन जनपद में निवास करने वाले प्रख्यात व्यक्तित्वों एवं शहरी समूहों को समर्पित रहा।

इस अवसर पर जनपद के प्रख्यात एवं विशिष्ट व्यक्तियों को स्व-गणना की प्रक्रिया से जोड़ते हुए उनकी स्व-गणना कराई गई तथा उन्हें जनगणना–2027 के महत्व एवं डिजिटल स्व-गणना की सुविधा के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उनसे अपील की गई कि वे स्वयं स्व-गणना कर अपने परिवार, परिचितों एवं समाज के अन्य लोगों को भी इस राष्ट्रीय अभियान में सहभागिता के लिए प्रेरित करें।

कार्यक्रम के दौरान जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह एवं जिला सूचना अधिकारी डॉ0 पंकज कुमार ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना देश के सामाजिक एवं आर्थिक विकास की योजनाओं के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना में प्रत्येक परिवार एवं प्रत्येक निवासी की सहभागिता आवश्यक है। समाज के प्रतिष्ठित एवं प्रख्यात व्यक्तियों की भागीदारी से आमजन में सकारात्मक संदेश जाता है तथा अधिकाधिक लोग इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य से जुड़ने के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने बताया कि स्व-गणना एक सरल एवं सुविधाजनक डिजिटल व्यवस्था है, जिसके माध्यम से परिवार का कोई भी सदस्य घर बैठे मोबाइल अथवा कंप्यूटर के जरिए आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in/ पर अपनी जानकारी दर्ज कर सकता है। इसके लिए मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी आधारित लॉगिन की व्यवस्था है। स्व-गणना पूर्ण होने के उपरांत प्राप्त SE ID को सुरक्षित रखना आवश्यक है, ताकि आगामी घर-घर जनगणना के दौरान प्रगणक को उपलब्ध कराया जा सके।

उल्लेखनीय है कि स्व-गणना की अवधि 16 से 30 नवंबर 2026 तक निर्धारित है। इसके उपरांत 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणक दल घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे। इस दौरान परिवारों से निर्धारित लगभग 40 प्रश्नों के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर डिजिटल माध्यम से दर्ज की जाएगी। इसके पश्चात 05 से 09 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण कार्य संपन्न होगा।

कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि जनगणना के दौरान उपलब्ध कराई गई व्यक्तिगत जानकारी जनगणना अधिनियम, 1948 के अंतर्गत पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है तथा जनगणना के लिए किसी प्रकार के दस्तावेज अथवा प्रमाण-पत्र की आवश्यकता नहीं होती है।

जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार 16 नवंबर से 29 नवंबर 2026 तक प्रतिदिन अलग-अलग वर्गों एवं संस्थानों को केंद्रित करते हुए दिवसवार जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में 20 नवंबर को न्यायिक दिवस, 21 नवंबर को वर्दीधारी बल दिवस, 22 नवंबर को केंद्रीय सरकारी कार्यालय एवं वित्त दिवस, 23 नवंबर को शिक्षा दिवस, 24 नवंबर को स्वास्थ्य दिवस, 25 नवंबर को उद्योग एवं परिवहन दिवस, 26 नवंबर को महिला एवं स्वयं सहायता समूह दिवस, 27 नवंबर को डिजिटल पहुंच सहायता दिवस, 28 नवंबर को घर से काम करने वाले एवं डिजिटल उपयोगकर्ता दिवस तथा 29 नवंबर को प्राइड डे निर्धारित किया गया है।

कार्यक्रम के माध्यम से जनपदवासियों से अपील की गई कि वे 30 नवंबर तक स्व-गणना पोर्टल पर स्वयं अपने परिवार की जानकारी दर्ज करें तथा इस अभियान को जनभागीदारी का व्यापक स्वरूप प्रदान करने में सहयोग करें।

जनगणना–2027 | हमारी जनगणना, हमारा विकास।