*TV 20 NEWS || AZAMGARH :डाक सेवाओं से संबंधित शिकायतों के निस्तारण के लिए 04 दिसंबर को आयोजित होगी मंडल स्तरीय डाक अदालत*

*डाक सेवाओं से संबंधित शिकायतों के निस्तारण के लिए 04 दिसंबर को आयोजित होगी मंडल स्तरीय डाक अदालत*

*उपभोक्ताओं एवं विभागीय कर्मचारियों की समस्याओं का होगा समाधान, डाक सेवाओं से जुड़े विभिन्न मामलों पर की जाएगी सुनवाई*

आजमगढ़, 28 नवंबर 2026//

प्रवर अधीक्षक डाकघर, आजमगढ़ मंडल ने अवगत कराया है कि डाक सेवाओं से संबंधित उपभोक्ताओं एवं विभागीय कर्मचारियों की शिकायतों और समस्याओं के प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से आगामी 04 दिसंबर 2026 को अपराह्न 03:00 बजे कार्यालय प्रवर अधीक्षक डाकघर, आजमगढ़ मंडल में मंडल स्तरीय डाक अदालत का आयोजन किया जाएगा।

प्रवर अधीक्षक डाकघर बीके पाण्डेय ने बताया कि डाक अदालत में डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं से संबंधित प्राप्त शिकायतों एवं लंबित मामलों की सुनवाई कर उनके निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसमें काउंटर सेवाएं, इलेक्ट्रॉनिक मनीऑर्डर, बचत बैंक, पार्सल, बीमाकृत डाक, स्पीड पोस्ट, डाक जीवन बीमा तथा पेंशन से संबंधित प्रकरणों सहित डाक सेवाओं से जुड़े अन्य मामलों पर भी विचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि डाक उपभोक्ताओं को बेहतर, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस डाक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

प्रवर अधीक्षक डाकघर ने संबंधित उपभोक्ताओं एवं विभागीय कर्मचारियों से अपील की है कि वे डाक सेवाओं से संबंधित अपनी शिकायतों एवं समस्याओं के निस्तारण हेतु मंडल स्तरीय डाक अदालत में प्रतिभाग कर इसका लाभ उठाएं।