*TV 20 NEWS || AZAMGARH :जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर आयोजित हुआ विशेष अभियान दिवस*

 

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कंपोजिट विद्यालय हरखुपुर, मनचोभा सहित विभिन्न मतदेय स्थलों का किया स्थलीय निरीक्षण

अपने मतदान केंद्र पर पहुंचे, बीएलओ से संपर्क कर आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम एवं विवरण अवश्य जांचे- डीईओ

 

पंजीकरण से छूटे पात्र नागरिकों विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने पर विशेष जोर

आजमगढ़ 28 नवम्बर, 2026

जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि में नागरिकों की सुविधा के लिए जनपद में विशेष अभियान दिवस आयोजित हुआ। उन्होंने समस्त उप जिला अधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विशेष अभियान दिवसों का आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जाए तथा भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन कराया जाए।

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत आज जनपद के सभी 4361 मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद कुमार ने विभिन्न बूथ – कंपोजिट विद्यालय हरखूपुर, कंपोजिट विद्यालय मनचोखा पल्हनी स्थित 05 बूथ का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा बीएलओ को निर्धारित समय तक उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अपील किया कि जनपदवासी अपने बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम अवश्य जांचें। लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र मतदाता का पंजीकरण जरूरी है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 28 नवम्बर को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक उपस्थित रहें। बीएलओ के पास 17 नवम्बर, 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध है जिससे नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम जांचा। बीएलओ के पास पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 उपलब्ध रहें। नागरिकों की सुविधाओं एवं उनकी जिज्ञासाओं तथा आवेदन में सहयोग हेतु प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी सक्रिय रहा । नागरिकों की जिज्ञासाओं के समाधान एवं आवश्यक जानकारी तथा सहायता उपलब्ध कराने के लिए जनपद स्तर पर हेल्पलाइन नं० 1950 भी सक्रिय हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विशेष अभियान दिवसों के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं को शामिल कराने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इस अभियान में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए), पूर्व/वर्तमान ग्राम प्रधानों/पार्षदों एवं स्थानीय स्वयंसेवकों का सहयोग लिया जाए। सामाजिक संगठनों को भी अभियान से जोड़कर पात्र नागरिकों तक जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इन विशेष अभियान दिवसों का लाभ उठा सकें।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी/ अपर जिलाधिकारी प्रशासन सिद्धार्थ ने दीदारगंज विधान सभा में विभिन्न बूथ का भ्रमणकर आवश्यक दिशा निर्देश दिया।

आज जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ, सभी अनिर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा विशेष अभियान दिवस पर मतदेय स्थलों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिया कि विशेष अभियान के संचालन में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने आजमगढ़ वासियों से अनुरोध किया है कि वे विशेष अभियान दिवसों पर अपने मतदेय स्थलों पर पहुंचकर आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। आलेख्य मतदाता सूची में नाम न होने पर पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरकर नाम दर्ज कराने हेतु पंजीकरण करायें एवं मतदाता सूची में किसी प्रविष्टि के संशोधन के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची में नाम दर्ज होना आवश्यक है। सभी नागरिक विशेष अभियान दिवसों में सक्रिय सहभागिता निभाएं और मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं समावेशी बनाने में सहयोग करें।

आज 29 नवंबर को भी जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया हैं।