कानपुर। कानपुर के जाजमऊ में युवती संग टेनरी ठेकेदार और उसके साथी ने गैंगरेप किया। पीड़िता के हाथ की नस काटकर छबीलेपुरवा की झाड़ियों में फेंक दिया। गले से चांदी की चेन लूटकर भाग निकले। इलाके के लोगों ने झाड़ियों के बीच पड़ी युवती को निजी अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को सूचना दी। बुधवार को पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
चकेरी निवासी 21 वर्षीय युवती पांच महीने से जाजमऊ स्थित टेनरी में काम करती है। इसी टेनरी में आसिफ और सुरेंद्र गौतम मजदूरों के ठेकेदार हैं। पीड़िता के पिता के मुताबिक आरोपित उनकी बेटी के साथ अक्सर छेड़खानी करते थे। ठेकेदार दो हजार रुपये मजदूरी भी नहीं दे रहा था। बकाया मजदूरी मांगने पर मंगलवार देर शाम टेनरी से निकलते ही आरोपितों ने युवती को बहला फुसलाकर अपनी बाइक पर बैठा लिया। छबीलेपुरवा में झाड़ियों में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। साथ ही पीड़िता के हाथ की नस भी काट दी। आरोपित उसके गले से चांदी की चेन लूटकर भाग निकले। कुछ देर बाद जब इलाके के लोगों ने झाड़ियों में युवती को पड़ा देखा तो पास के निजी अस्पताल ले गए और पुलिस को सूचना दी।






