आजमगढ़ : जिलाधिकारी ने आज ज्योति निकेतन में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया

आजमगढ़ 03 मार्च– विधान सभा सामान्य निर्वाचन-2022 के दृष्टिगत जिलाधिकारी श्री अमृत त्रिपाठी ने आज ज्योति निकेतन में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। ज्योति निकेतन में आज बचे हुए एवं लगाये गये मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय पाली में स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर इं0 कुलभूषण सिंह द्वारा मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत ये मास्टर ट्रेनर कल मतगणना स्थल एफसीआई गोदाम चकवल में मतगणना कार्मिकां को प्रशिक्षण देंगे।
निरीक्षण के दौरान ज्योति निकेतन परिसर में जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों पर मतदान दिवस को दिव्यांग मतदाताओं हेतु डीपीआरओ एवं सीएमओ को आपसी समन्वय बनाकर आवश्यक सुविधाओं को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के जितने टाउन एरिया है, वहां शत प्रतिशत बूथों पर व्हीलचेयर उपलब्ध कराएं। उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिया कि जहां-जहां दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर जाएगी, वहां पर पैरामेडिकल स्टाफ भी लगाया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि पहली प्राथमिकता में ब्लॉक में स्थापित मॉडल बूथों को रखें। जिलाधिकारी ने कहा कि आशा एवं एएनएम से मॉडल बूथों पर दिव्यांग मतदाताओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का सत्यापन कराएं। मॉडल बूथों पर मतदाताओं के लिए सेल्फी प्वाइंट भी स्थापित कराया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि माडल बूथों पर साफ-सफाई, पानी आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार शुक्ला, मास्टर ट्रेनर इं0 कुलभूषण सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

—–जि0सू0का0-आजमगढ़-03.03.2022——-