आजमगढ़ : क्षय उन्मूलन के लिए जनजागरूकता बहुत जरूरी, जिले में चला क्षय रोगी खोजी अभियान, मिले 35 नये मरीज

आजमगढ़, 26 अप्रैल 2022
जिले में विश्व क्षय रोग दिवस यानि 24 मार्च से 13 अप्रैल तक विशेष क्षय रोगी खोज अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) द्वारा जिले के 158 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर टीबी रोगियों को खोजा गया। इस दौरान करीब 12.97 लाख लोगों की स्क्रीनिग की गई, जिसमें 35 नये मरीज टीबी से ग्रसित मिले। क्षय उन्मूलन के लिए जागरूकता बहुत जरूरी है | यह कहना है जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ परवेज अख्तर का।
डॉ अख्तर ने बताया कि अभियान के तहत आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को टीबी रोग के प्रति जागरूक किया | इसके साथ ही साफ-सफाई पर ध्यान देने के लिए लोगों से अपील भी की गयी । इसके अतिरिक्त लोगों को यह भी जानकारी दी गई की यदि परिवार में किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से खांसी आ रही हो या रात के समय बुखार चढ़ता हो या फिर सीने में दर्द हो और बलगम के साथ खून आता हो तो,तुरंत स्वास्थ्य केंद्र जायेँ और नि:शुल्क टीबी की जांच करायें।
जिला समन्वयक पीयूष अग्रवाल ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की तरफ से आयुष्मान भारत हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर द्वारा टीबी मरीजों को खोजने का अभियान 24 मार्च यानि विश्व क्षय रोग दिवस पर शुरू किया गया और 13 अप्रैल तक चलाया गया। इस अभियान में 158 कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर जिले की कुल 3332 आशा के सहयोग से घर-घर जाकर 1297352 लोगों की स्क्रीनिंग की। इसमें से लक्षण वाले 1578 व्यक्ति चयनित किए गए, जिसमें 1504 लोगों की जांच की गई। जांच के बाद 35 लोगों में क्षयरोग की पुष्टि हुई, और बिना देरी किए नए मरीजों का विभाग की तरफ से नि:शुल्क इलाज शुरू करा दिया गया है। इन मरीजों के साथ जिले में अब कुल 1542 मरीज इलाज पर हैं। क्षय रोगियों को पौष्टिक आहार के लिए इलाज के दौरान 500 रुपये प्रतिमाह उनके बैंक खाते में भेजे जाते हैं।