आजमगढ से 6 सितबंर को लखनऊ के लिए रवाना होंगे शिक्षक, जाने क्या है मामला

आजमगढ़। अनुदानित महाविद्यालय स्ववित्तपोषित शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश द्वारा शिक्षक दिवस के अवसर पर 6 सितंबर 2022 को क्रिश्चियन कॉलेज, लखनऊ में उच्च शिक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश का सम्मान व संवाद समारोह कार्यक्रम में जनपद आजमगढ़ के सभी शिक्षक भाग लेंगे। शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष डॉ शैलेश पाठक एवं महामंत्री डॉ विनोद सिंह ने समस्त शिक्षकों से 6 सितंबर को प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर अपने महाविद्यालय के प्राचार्य /प्रबंधक महोदय को सामूहिक अवकाश प्रदान किए जाने के संदर्भ में आवेदन देंने का अनुरोध किया है।
विदित है कि उत्तर प्रदेश के 12 बी दर्जा प्राप्त अनुदानित कॉलेज 12वीं पंचवर्षीय योजना की धारा 6 व 7 के तहत वर्षों से महाविद्यालयो में स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रम के रूप में संचालित पाठ्यक्रम को 2 एफ के तहत वेतन संदाय पर लेकर इनमें कार्यरत स्ववित्तपोषित अनुमोदित शिक्षकों को समान कार्य समान वेतन के तहत नियमित करने की मांग चली आ रही है।
प्रदेश के अनुदानित महाविद्यालयों में कार्यरत 3920 स्ववित्तपोषित शिक्षक महामहिम राज्यपाल, मुख्यमंत्री तथा उच्च शिक्षा मंत्री को ज्ञापन देकर एक ही संस्था में 20 वर्ष से ऊपर दोयम दर्जे का भेदभाव समाप्त करने के लिए यूजीसी वेतनमान की मांग करते आ रहे हैं। जिससे सबका साथ, सबका विकास ,सबका विश्वास का नारा सही रूप में चरितार्थ हो सके।