प्रेस नोट
अभियान चलाकर भूमि आवंटन का लक्ष्य पूरा करें
आज़मगढ़ 29 नवम्बर — मण्डलायुक्त मनीष चौहान ने मंगलवार को अपने कार्यालय सभागार में आयोजित कर करेत्तर वसूली एवं अन्य राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान तीनों जनपद के अपर जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि कृषि, आवासीय, मत्स्य पालन आदि हेतु भूमि आवंटन का कार्य अभियान चलाकर लक्ष्य के सापेक्ष शीघ्र पूर्ण करायें। उन्होने यह भी कहा कि मा. उच्च न्यायालय में योजित रिट याचिकाओं में प्रतिशपथ दाखिल कराये जाने हेतु जिम्मेदारी तय करते हुए इसके लिए भी अभियान चलाकर प्रतिशपथ पत्र दाखिल कराया जाय। उन्होंने विभिन्न देयों की वसूली की समीक्षा के दौरान पाया कि वाणिज्य कर की वसूली आज़मगढ़ में लक्ष्य के सापेक्ष नहीं है। इस सम्बन्ध में उन्होंने संयुक्त आयुक्त, वाणिज्य कर को निर्देश दिया कि बलिया और मऊ की भांति जनपद आज़मगढ़ की वसूली भी लक्ष्य के सापेक्ष सुनिश्चित करें। परिवहन विभाग द्वारा लक्ष्य के सापेक्ष आज़मगढ़ में 74.06 प्रतिशत, मऊ में 82.35 प्रतिशत एवं बलिया में 77.12 प्रतिशत वसूली की गयी है। मण्डलायुक्त ने इस सम्बन्ध में आरटीओ को निर्देशित किया कि कार्यों में तेजी लाकर आगामी माह तक लक्ष्य के सापेक्ष वसूली करायें। नगरीय निकायों में वसूली कम मिलने के सम्बन्ध में अवगत कराया गया कि वसूली का शासन स्तर से वर्तमान वर्ष के लिए लक्ष्य निर्धारित नहीं किया गया है। इस पर मण्डलायुक्त ने निर्देश दिया कि गत वर्ष में जो लक्ष्य निर्धारित था उसे वर्तमान वर्ष का लक्ष्य मानते हुए उसके अनुसार वसूली कराई जाय। विविध देयों की वूसली के साथ ही कई अन्य देयों की वूसली में बलिया की प्रगति कम मिलने पर मण्डलायुक्त श्री चौहान ने निर्देश दिया कि वसूली हेतु जो भी व्यवस्थायें देनी है उसे उपलब्ध कराते हुए वसूली बढ़ाई जाय।
मण्डलायुक्त श्री चौहान ने निर्देश दिया कि आरसी में जो वसूली नहीं होनी है उसे वापस सम्बन्धित विभाग वापस लें। उन्होंने तीनों जनपद के अपर जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आरसी को कम्प्यूटराइज करायें। उन्होेंने यह भी निर्देश दिया कि सभी मण्डलीय अधिकारी आरसी को ऑनलाईन सिस्टम पर फीड कराकर अगले माह इसका प्रमाण पत्र देंगे। उन्होंने कहा कि विभागों से जो भी आरसी जायेगी वह आनलाइन जायेगी। समीक्षा के दौरान पाया गया कि आज़मगढ़ एवं बलिया में विभागीय कार्यवाही विलम्ब से निस्तारित की जा रही है। मण्डलायुक्त ने निर्देश दिया कि विभागीय कार्यवाही का निस्तारण मा.उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में समबद्ध रूप से करना सुनिश्चित किया जाय, किसी भी दशा में निर्धारित अवधि से अधिक समय तक कोई विभागीय कार्यवाही लम्बित नहीं रहनी चाहिए।
इस अवसर पर अपर आयुक्त हंसराज, अपर जिलाधिकारी आज़मगढ़ एवं मऊ क्रमशः आजाद भगत सिंह एवं भूपेन्द्र वीर सिंह, सीओ सिटी गौरव शर्मा, सिट मजिस्ट्रेट बलिया प्रदीप कुमार, आरटीओ रामबृक्ष सोनकर सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।
—————————
प्रधानमन्त्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत लाभार्थियों को शीघ्र उपलब्ध करायें धनराशि
आज़मगढ़ 29 नवम्बर — मण्डलायुक्त मनीष चौहान ने मंगलवार को अपने कार्यालय सभागार में आयोजित मण्डलीय उद्योग बन्धु एवं एमएसई फसिलीटेशन काउन्सिल की बैठक की अध्यक्षता करते हुए तीनों जनपदों के एलडीएम को निर्देश दिया कि पीएमईजीपी (प्रधानमन्त्री रोजगार सृजन कार्यक्रम) शासन की अत्यन्त महत्वपूर्ण योजना है। इसलिए इसके प्रति पूरी गंभीरता बरती जाय तथा जिन अभ्यर्थियों के आवेदन स्वीकृत हो चुके हैं उन्हें धनराशि समय से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। बैठक में बताया गया कि पीएमईजीपी के तहत जनपद आज़मगढ़ में कुल 109 लोगों को लाभान्वित किये जाने का लक्ष्य है, जिसके सापेक्ष 99 लाभार्थियों को मार्जिनमनी वितरित कर दी गयी है। जनपद बलिया में 88 लक्ष्य के सापेक्ष 63 एवं मऊ में 56 के सापेक्ष 29 लाभार्थियों में वितरण की कार्यवाही की गयी है।
मण्डलीय सूक्ष्म, लघु उद्यम फैसिलीटेशन में कुल 6 प्रकरण प्राप्त थे, जिसमें से 5 आवेदक पत्राचार के उपरान्त भी उपस्थित नहीं हुए, जिससे उक्त प्रकरणों को स्थगित रखते हुए एक प्रकरण पर मण्डलायुक्त द्वारा सुनवाई की गयी। आवेदक मेसर्स जनता फाडर मिल, माधोपुर, रसड़ा बलिया द्वारा बताया गया कि प्रतिपक्षी मेसर्स लकी ट्रेडर्स, जिला मुंगेर, बिहार द्वारा अनुबन्ध के बावजूद बकाया धनराशि नहीं दी जा रही है। मण्डलायुक्त ने आवेदक के अभिलेखों के परीक्षण के उपरान्त सारी औपचारिकातायें पूर्ण पाये जाने पर कहा कि आवेदक को उसकी बकाया धनराशि नियमानुसार कार्यवाही कराते हुए दिलाई जायेगी। इस सम्बन्ध में उन्होंने संयुक्त आयुक्त उद्योग रंजन चतुर्वेदी को आवश्यक कार्यवाही करने का निर्देश दिया। बैठक में सहायक आयुक्त उद्योग सगीर अहमद व श्रवण कुमार सिंह, मुख्य अभियन्ता विद्युत एएन सिंह, तीनों जनपद के एलडीएम आदि उपस्थित थे।
————जि0सू0का0 आज़मगढ़:ः दिनांक 29.11.2022————






