आजमगढ़ : महर्षि वाल्मीकि वैदिक काल के महान ऋषियों में सम्मिलित हैं – जिलाधिकारी

प्रेस नोट
आजमगढ़ 27 अक्टूबर– जिलाधिकारी श्री विशाल भारद्वाज ने बताया है कि महर्षि वाल्मीकि वैदिक काल के महान ऋषियों में सम्मिलित हैं। महर्षि वाल्मीकि को आदि कवि के नाम से भी जाना जाता है, उनके द्वारा रचित विश्व प्रसिद्ध कालजयी कृति रामायण महाकाव्य सामाजिक, मानवीय एवं राष्ट्रीय मूल्यों की स्थापना का आदर्श है। महर्षि वाल्मीकि द्वारा अपने ग्रंथ में वर्णित स्थल जिन्हें राम जानकी मार्ग, राम वन गमन मार्ग आदि के रूप में जाना जाता है। ऐसे लगभग 280 स्थल आज भी सम्पूर्ण भारत में विद्यमान हैं। उत्तर प्रदेश में राम जानकी मार्ग, राम वन गमन मार्ग के अन्तर्गत अनेक स्थल विद्यमान हैं, जहां पर भारतीय संस्कृति के मूल तत्व एवं मान्यताएं आज भी सुरक्षित हैं। ऐसे महान महर्षि वाल्मीकि जी की जयन्ती को हर्षोल्लास के साथ शासन के मार्गनिर्देशों का अनुपालन करते हुए मनायी जायेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी 28 अक्टूबर, 2023 को महर्षि वाल्मीकि जयन्ती को विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी जनपद में भव्य रूप से मनाये जाने का निर्णय लिया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य वाल्मीकि रामायण में निहित सामाजिक, मानवीय एवं राष्ट्रीय मूल्यों के व्यापक प्रचार-प्रसार व जन सामान्य को इससे जोड़ना है। इस अवसर पर महर्षि वाल्मीकि से सम्बन्धित स्थलों/मंदिरों आदि पर दीप प्रज्ज्वलन/दीपदान के साथ-साथ अनवरत् 8, 12 अथवा 24 घंटे का वाल्मीकि रामायण का पाठ किये जाने के कार्यक्रम निर्धारित किये गये हैं। ग्रामीण/नगरीय क्षेत्रों में शासनादेश के अनुसार सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सुचारू व सफलतापूर्वक आयोजित कराये जाने हेतु जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्रामीण क्षेत्रों हेतु एवं अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 आजमगढ़ को शहरी (नगर पालिका/नगर पंचायत) परिक्षेत्र हेतु ओवर आल नोडल अधिकारी नामित करते हुए यह अपेक्षा की गयी है कि जनपद के सभी तहसील मुख्यालयों, विकास खण्ड मुख्यालयों, ग्रामीण अंचलों, नगर निकाय परिक्षेत्र में उक्त कार्यक्रम को अपने कुशल मार्गदर्शन में सम्पन्न कराये जाने की कार्यवाही सुनिश्चित करायी जाय। जिलाधिकारी ने कहा कि इसके अन्तर्गत श्री राम व श्री हनुमान तथा रामायण से सम्बन्धित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों/मंदिरों का चयन करते हुए वहां पर भक्तिमय सांस्कृतिक आयोजन के साथ-साथ रामायण पाठ/भजन आदि के कार्यक्रम कराये जायें।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियो को निर्देशित किया है कि आपस में समन्वय स्थापित कर उक्त कार्यक्रम को भव्यता के साथ सम्पन्न करायें। उक्त आयोजन हेतु जनपद स्तर पर जिला विकास अधिकारी/प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

——-जि0सू0का0 आजमगढ़-27.10.2023——–