झारखंड: चतरा में जमीन के झगड़े के चलते उड़े खून के छींटे, मारपीट में 8 घायल

कान्हाचट्टी। राजपुर थाना क्षेत्र के तुलबुल (करमा ) गांव में जमीनी विवाद को ले दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इस घटना में दोनों पक्ष के 8 लोग घायल हो गए। घायल सभी व्यक्ति खून से लथपथ थे। घायलों को सदर अस्पताल इलाज कराने के लिए भेज दिया गया है। घटना बुधवार अहले सुबह की है। जानकारी के अनुसार जमीन मापी कराए जाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ और एक दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिए।

लड़ाई-झगड़े में दोनों पक्ष से चार-चार लोग घायल हो गए। जिसमें प्रथम पक्ष के निर्मल प्रजापति, अशोक प्रजापति, बसंत प्रजापति व किरण देवी का नाम शामिल है। जबकि दूसरे पक्ष के केसर प्रजापति, पेमन प्रजापति, उमाशंकर प्रजापति के अलावा आकाश प्रजापति शामिल है। थाना प्रभारी विकास पासवान ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। फिलहाल दोनों पक्षों ने प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है। दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।