जिलों में कामयाबी से उत्साहित भाजपा क्षेत्रीय वर्चुअल रैलियों में 50 हजार लोगों को जुटाएगी, नेटवर्किंग तेज

लखनऊ। केंद्र की मोदी सरकार की वर्षगांठ पर जिलों में वर्चुअल सभाओं की कामयाबी से उत्साहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेतृत्व ने क्षेत्रीय रैलियों में 50 हजार लोगों को जुटाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए बूथ स्तर पर नेटवर्किंग कार्य तेजी से आरंभ हो गया है। प्रत्येक जिलाध्यक्ष को दो से पांच हजार तक लोगों के नाम व मोबाइल फोन नबंरों की सूची दस जून तक उपलब्ध कराने को कहा गया है। इसके साथ ही बूथ स्तर पर वाट्सएप समूह तैयार किए जा रहे हैं। सेक्टर स्तर पर लगभग 27 हजार वाट्सएप समूह बनाए जा चुके हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिले निर्देश के बाद उत्तर प्रदेश में 16 जून से प्रस्तावित छह क्षेत्रीय वर्चुअल रैलियों का आकार बड़ा करने के काम में तेजी आ गई है। मंगलवार को दिनभर क्षेत्रीय व जिलााध्यक्षों व प्रभारियों से संपर्क का कार्य जारी रहा। रैलियों में 50 हजार की संख्या जुटाने की चुनौती स्वीकारते हुए संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने प्रमुख पदाधिकारियों के साथ आईटी सेल को सक्रियता बढ़ाने की हिदायत दी है। आईटी सेल संयोजक संजय राय का कहना है कि रैलियों में नवीनतम सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसकी क्षमता एक लाख लोगों से ऑनलाइन सम्पर्क करने की है। प्रदेश में इसका पहली बार प्रयोग किया जाएगा।

राष्ट्रीय नेताओं का होगा संबोधन : अब रैलियों को केवल राष्ट्रीय नेता ही संबोधित करेंगे। प्रत्येक रैली में सभी वर्गों के प्रबुद्धजनों के साथ जन सामान्य को भी जोड़ा जाएगा। प्रत्येक व्यक्ति को एक क्लिक बताया जाएगा, जिसके जरिए वह अपने मोबाइल फोन पर नेताओं का संबोधन लाइव सुन सकेगा।

ऐतिहासिक बदलाव की ओर भारत : जिलों में हो रहीं वर्चुअल सभाओं की शृंखला में मंगलवार को 35 संगठनात्मक जिलों में वरिष्ठ नेताओं ने ऑनलाइन संवाद किया और मोदी सरकार की वर्षगांठ पर केंद्र एवं राज्य सरकारों की उपलब्धियों को गिनाया। चित्रकूट की सभा में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत क्रांतिकारी ऐतिहासिक बदलाव की ओर बढ़ रहा है। प्रबुद्ध वर्ग से संवाद में उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 की समाप्ति, तीन तलाक, श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण व नागरिकता कानून संशोधन जैसे साहसिक फैसलों के बारे में बताया। इसके साथ उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा फतेहपुर, राष्ट्रीय महामंत्री अरुण ङ्क्षसह कानपुर देहात, केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय हरदोई तथा राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी कानपुर में संवाद में शामिल हुए। 35 संगठनात्मक जिलों में संवाद कार्यक्रम संपन्न हुए।

भाजपा की 29 वर्चुअल सभाएं आज : मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश के संगठनात्मक 98 जिलों में जारी वर्चुअल सभाओं की शृंखला में बुधवार को 29 स्थानों पर शिक्षक, अधिवक्ता, व्यापारी, डाक्टर, इंजीनियर व प्रबुद्ध वर्गो के साथ वरिष्ठ नेता संवाद करेंगे। शाहजहांपुर महानगर में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, फिरोजाबाद महानगर में राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. अनिल जैन, बदांयू में प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर, आंवला में मंत्री सूर्य प्रताप शाही तथा कासगंज में आशुतोष टंडन संवाद करेंगे।

संतकबीर नगर में  केंद्रीय मंत्री डॉ. महेन्द्र नाथ पांडेय, बस्ती में पंकज सिंह, लालगंज में रवीन्द्र जायसवाल, औरैया में सलिल विश्नोई, कानपुर ग्रामीण में मुकुट बिहारी वर्मा, झांसी जिला में मानवेन्द्र सिंह, जालौन में भवानी सिंह संवाद करेंगे। प्रदेश उपाध्यक्ष बीएल वर्मा संभल, डॉ. महेन्द्र सिंह मुजफ्फरनगर, सतीश महाना मेरठ जिला, भूपेन्द्र सिंह शामली, सुरेश राणा गौतमबुद्धनगर, रामनरेश अग्निहोत्री बागपत, विजय बहादुर पाठक उन्नाव, श्रीकांत शर्मा श्रावस्ती, ब्रजेश पाठक गोंडा, सांसद रमापति राम त्रिपाठी लखनऊ जिला, सुरेश तिवारी बलरामपुर, विद्यासागर सोनकर अमेठी, स्वामी प्रसाद मौर्य भदोही, अनिल राजभर कौशाम्बी व उपेन्द्र तिवारी प्रयागराज यमुनापार में संवाद करेंगे।