*TV 20 NEWS || AZAMGARH: अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस पर 18 से 25 दिसम्बर तक कार्यक्रम, जनपदीय निबंध, भाषण और काव्य प्रतियोगिताएं*
प्रेस नोट
आजमगढ़ 18 दिसम्बर– प्रभारी जिलाधिकारी श्री परीक्षित खटाना द्वारा जूम ऐप के माध्यम से भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्म दिवस के अवसर पर दिनांक 18 दिसम्बर से 25 दिसम्बर 2024 तक की अवधि में विभिन्न कार्यक्रम तथा दिनांक 19 से 24 दिसम्बर के मध्य “सुशासन सप्ताह- प्रशासन गांव की ओर” आयोजित किये जाने के सम्बन्ध में बैठक की गयी।
प्रभारी जिलाधिकारी ने डीआईओएस एवं बीएसए को निर्देश दिया कि भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्म दिवस के अवसर पर दिनांक 18 दिसम्बर 2024 से दिनांक 25 दिसम्बर 2024 तक की अवधि में जनपद में कक्षा 8 से कक्षा 12 के विद्यार्थियों के मध्य अटल जी एवं सुशासन विषय पर निबन्ध लेखन प्रतियोगिता (अधिकतम 1000 शब्द सीमा के अन्तर्गत) का आयोजन कराया जाये। स्नातक एवं परास्नातक के छात्र-छात्राओं के मध्य अटल जी एवं सुशासन विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन कराया जाये। उन्होने कहा कि युवा छात्र-छात्राओं के मध्य भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के जीवन एवं उनकी प्रमुख कविताओं पर आधारित एकल काव्य पाठ प्रतियोगिता का आयोजन कराया जाये। उपरोक्त आयोजन हेतु जनपद में अवस्थापित विश्वविद्यालय अथवा महाविद्यालय में से किसी एक उपयुक्त स्थल का चयन कर जनपद स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जाये। प्रभारी जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद स्तरीय निबन्ध प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः रु० 5,000, रु० 3,000 एवं रु० 2000 की पुरस्कार धनराशि एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया जायेगा। जनपद स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः रु० 10,000, रु० 5,000 एवं रु० 2,500 की पुरस्कार धनराशि एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किया जायेगा। जनपद स्तरीय एकल काव्य पाठ प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः रु० 10,000, रु० 5,000 एवं रु० 2,500 की पुरस्कार धनराशि एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किया जायेगा।
प्रभारी जिलाधिकारी ने कहा कि जिला विद्यालय निरीक्षक, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी एवं उच्च शिक्षा विभाग के जनपद स्तरीय नामित नोडल अधिकारी द्वारा सभी इण्टर कालेजों एवं सभी महाविद्यालयों में अध्ययनरत छात्र/छात्राओं को प्रतियोगिता में सक्रिय सहभागिता हेतु प्रोत्साहित किया जाये। उन्होने कहा कि जनपद स्तरीय तीनों प्रतियोगिताओं का आयोजन दिनांक 18 दिसम्बर 2024 से दिनांक 22 दिसम्बर 2024 के मध्य सम्पन्न कराया जाये। उक्त कार्यक्रम हेतु जनपद स्तर पर जिला विद्यालय निरीक्षक समन्वयक तथा उच्च शिक्षा विभाग के जनपद स्तरीय नामित नोडल अधिकारी सह-समन्वयक होंगे।
प्रभारी जिलाधिकारी ने बताया कि दिनांक 25 दिसम्बर 2024 को भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्म दिवस के अवसर पर मा० मुख्यमंत्री जी की गरिमामयी उपस्थिति में 10ः30 बजे से 11ः30 बजे के मध्य लोक भवन के सभागार में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। साथ ही जनपद स्तर पर कलेक्ट्रेट सभागार आजमगढ़ में दिनांक 25 दिसम्बर 2024 को जनपद के मा० जनप्रतिनिधिगण की गरिमामयी उपस्थिति में पूर्वाह्न 10ः30 बजे से अपराह्न 12ः30 बजे के मध्य कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। उपरोक्त कार्यक्रम में लोक भवन के सभागार में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीम सजीव प्रसारण हेतु व्यवस्था की जायेगी। कार्यक्रम में उक्त तीनों जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मा० जनप्रतिनिधिगण के माध्यम से पुरस्कार धनराशि एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कराया जायेगा।
प्रभारी जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी एवं समस्त अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिनांक 18 से 25 दिसम्बर के मध्य जनपद के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए।
उन्होने कहा कि समस्त संबंधित विभाग के नामित नोडल अधिकारीगण द्वारा भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्म दिवस के अवसर पर निर्धारित तिथियों में आयोजित होने वाली समस्त कार्यक्रमों के सफल आयोजन हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार कर, समस्त संबंधित को कार्यक्रम में विशेष रूप से सम्मिलित होने हेतु अपने स्तर से कार्यवाही करते हुए कार्यक्रम को सम्पन्न कराया जायेगा, जिसके लिये नामित नोडल अधिकारीगण पूर्ण रूप से उत्तरदायी होंगे। कार्यक्रम को कुशलतापूर्वक सम्पन्न कराये जाने हेतु किसी प्रकार का सुझाव/आवश्यक मार्गदर्शन मुख्य विकास अधिकारी अथवा जिला विकास अधिकारी आजमगढ़ से प्राप्त करते हुए प्रत्येक स्तर पर सुव्यवस्थित ढ़ंग से कार्यक्रम को सम्पन्न कराये जाने की प्रक्रिया में अपना विशेष योगदान दिया जायेगा।
इसके साथ ही प्रभारी जिलाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 25 दिसम्बर को सुशासन दिवस मनाया जाता है। इस उपलक्ष्य में प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग, भारत सरकार द्वारा सुशासन सप्ताह- प्रशासन गांव की ओर दिनांक 19-24 दिसम्बर, 2024 के मध्य मनाए जाने का निर्णय लिया गया है। उन्होने बताया कि भारत सरकार द्वारा सुशासन सप्ताह मनाए जाने हेतु शासन द्वारा विभिन्न गतिविधियां आयोजित कर पोर्टल पर प्रतिदिन अपलोड किए जाने की अपेक्षा की गई है। जिसके अन्तर्गत लोक शिकायतों के निराकरण हेतु तहसील मुख्यालय/पंचायत स्तर पर विशेष शिविर का आयोजन किया जायेगा। भारत सरकार की केन्द्रीय लोक शिकायत निवारण प्रणाली में लम्बित लोक शिकायतों का निराकरण किया जायेगा। स्टेट पोर्टल (आई०जी०आर०एस०) में प्राप्त लोक शिकायतों का निराकरण कराया जायेगा। ऑनलाइन सर्विस डिलीवरी की सेवाओं में वृद्धि करने हेतु आवश्यक कार्यवाही की जायेगी। सर्विस डिलीवरी आवेदनों का निस्तारण कराया जायेगा। सुशासन के क्षेत्र में किए गए नवाचारों को फोटोग्राफ के साथ पोर्टल पर अपलोड किया जायेगा। लोक शिकायतों के निराकरण के सम्बन्ध में कम-से-कम एक सफलता की कहानी को पोर्टल पर अपलोड किया जायेगा।
प्रभारी जिलाधिकारी ने कहा कि इसके अतिरिक्त 24 दिसम्बर, 2024 को कलेक्ट्रेट सभागार आजमगढ़ में एक कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा तथा भारतीय प्रशासनिक सेवा के ऐसे सेवानिवृत्त अधिकारी, जिनके द्वारा सम्बन्धित जनपद में जिलाधिकारी के पद पर अपनी सेवा दी हो, को कार्यशाला में मुख्य अतिथि बनाया जाएगा। उक्त कार्यशाला में समस्त जिला स्तरीय अधिकारी प्रतिभाग करना सुनिश्चित करेंगे।
उन्होने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि उपर्युक्तानुसार जनपद में दिनांक 19-24 दिसम्बर, 2024 के मध्य सुशासन सप्ताह प्रशासन गांव की ओर का आयोजन कराएं तथा आयोजन के अन्तर्गत की गई गतिविधियों को प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग, भारत सरकार के पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें।
प्रभारी जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि तहसील एवं ब्लाक स्तर पर आयोजित होने वाले समस्त कार्यक्रमों को अपनी देखरेख में सफलतापूर्वक सम्पन्न करायेंगे।
जूम ऐप के माध्यम से बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 श्री आजाद भगत सिंह, समस्त उप जिलाधिकारी, जिला विकास अधिकारी श्री संजय कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित समस्त संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
——-जि0सू0का0 आजमगढ़-18.12.2024——–






