TV 20 NEWSll AZAMGARH, जल जीवन मिशन का खेल, गांव में आवागमन हुआ फेल ग्राम प्रधानों ने लगाया योजना में भ्रष्टाचार का आरोप

जल जीवन मिशन का खेल, गांव में आवागमन हुआ फेल

ग्राम प्रधानों ने लगाया योजना में भ्रष्टाचार का आरोप

रिपोर्ट बजरंगी विश्वकर्मा महराजगंज (आजमगढ़)
जन जन तक स्वच्छ जल आपूर्ति के उद्देश्य से चलाई जा रही भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन का कार्य गांवों में जोर-जोर से चल रहा है जिसके तहत गांव के रास्तों को खोदकर पाइप लाइन बिछाई गई किंतु रास्तों को टूटा ही छोड़ दिया गया जिससे ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह से बाधित है ।
सोमवार को विकासखंड मुख्यालय पर ग्रामीण पेयजल जलापूर्ति योजना विषय पर एक दिवसी प्रशिक्षण में उपस्थित ग्राम प्रधानों ने टूटी हुई सड़कों को लेकर अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज कराई तथा योजना के तहत भ्रष्टाचार का भी आरोप लगाया । ग्राम पंचायत कोलमोदीपुर के प्रधान चन्द्रभान यादव ने कहा कि ग्राम पंचायत में वर्ष 2021 से जल जीवन मिशन का कार्य चल रहा है । ठेकेदारों द्वारा गांव के कई आरसीसी, इंटरलॉकिंग व खड़ंजा मार्ग को उखाड़ कर पाइपलाइन बिछाई गई और उसे टूटा ही छोड़ दिया ।अधिकारियों द्वारा बताया गया था कि पाइपलाइन बिछाने के बाद टूटे हुए रास्तों को उन्हीं ठेकेदारों द्वारा सही कराया जाएगा किंतु कोई भी रास्ता सही नहीं कराया गया ना ही इन रास्तों को सही करने के लिए प्रधानों को अनुमति दी जा रही है । उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में विकास खंड मुख्यालय पर किसी मीटिंग या प्रशिक्षण में आने पर भत्ता दिया जाता था किंतु अब नहीं दिया जाता है । उन्होंने योजना के तहत धन के बंदरबांट की भी आशंका जाहिर किया । ऐसा ही कुछ आराजी जजमन जोत के प्रधान जयप्रकाश तथा नेवादा के प्रधान अंजनी कुमार राजभर ने भी आरोप लगाया और कहा कि गांव में ग्रामीणों को पानी कब मिलेगा इसका तो पता नहीं है लेकिन गांव के सारे रास्तों को तोड़कर खराब कर दिया गया है जिसकी शिकायत हम जनप्रतिनिधियों को आये दिन सुननी पड़ रही हैं । अधिकारियों से शिकायत करने पर उनके द्वारा केवल आश्वासन दिया जाता है ।
वैसे जो भी हो यह शिकायतें प्रशिक्षण में उपस्थिति लगभग सभी ग्राम प्रधानों की थीं तथा सब ने इस योजना के तहत सरकारी धन के बंदर बांट की आशंका व्यक्त किया । अब देखना यह होगा कि इसकी जांच होती है अथवा सिर्फ आश्वासन से ही काम निपटा लिया जाता है ।