TV 20 NEWS || AZAMGARH : पिता पर अत्याचार और मकान पर कब्जे का आरोप: फरिहा निवासी असार अहमद ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार”
आजमगढ़।
फरिहा गांव, थाना निजामाबाद के एक बुजुर्ग असार अहमद ने अपने ही बेटे शाह आजम पर अत्याचार, मारपीट और मकान पर कब्जा करने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ को प्रार्थना पत्र सौंपा है।
प्रार्थी असार अहमद के अनुसार उनका पक्का मकान गांव में स्थित है, लेकिन उसका अधिकांश हिस्सा बड़े बेटे शाह आजम ने कब्जे में ले लिया है, जिसके कारण छोटे बेटे शाह आलम शेख के परिवार को रहने में भारी दिक्कत हो रही है। बराबर समझाने के बावजूद शाह आजम घर बंटवारा करने को तैयार नहीं है।
असार अहमद ने बताया कि पहले भी उन्होंने 15 नवंबर को इस विवाद की शिकायत पुलिस में दी थी। आरोप है कि 17 नवंबर की रात शाह आजम और उसकी पत्नी हाजरा बानो ने उन्हें धमकाया और विरोध करने पर मारपीट की। शोर सुनकर मोहल्ले के लोगों ने बीच-बचाव कर उनकी जान बचाई।
प्रार्थी ने दावा किया कि घटना से पहले शाह आजम ने सजरपुर और अवाडा से अपने रिश्तेदारों को मोटरसाइकिलों से बुलाया, जो उन्हें डराने-धमकाने की नीयत से आए थे। असार अहमद का आरोप है कि शाह आजम अपराधी प्रवृत्ति का व्यक्ति है, और उसके विरुद्ध थाना निजामाबाद व सरायमीर में कई मुकदमे दर्ज हैं।
बुजुर्ग असार अहमद ने बताया कि घर बंटवारे से बचने के लिए शाह आजम लगातार विवाद कर रहा है और वकील होने की धौंस दिखाते हुए उन्हें खेत अपने नाम लिखने का दबाव भी बना रहा है। उन्होंने कहा कि बेटे की धमकियों से पूरा परिवार दहशत में है।
प्रार्थी ने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है कि उनके बेटे शाह आजम द्वारा किए जा रहे अत्याचार और धमकियों से सुरक्षा प्रदान की जाए तथा उचित कार्रवाई की जाए।






