TV 20 NEWS || AZAMGARH : महापुरूषों, राष्ट्रीय स्तर के समाज सुधारकों एवं सांस्कृतिक विभूतियों की मूर्तियों की पर्याप्त सुरक्षा और सौंदर्यीकरण हेतु डा० बी०आर० आंबेडकर मूर्ति विकास योजना लागू
जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी ने बताया है कि महापुरूषों, राष्ट्रीय स्तर के समाज सुधारकों एवं सांस्कृतिक विभूतियों की मूर्तियां हमारे राष्ट्र की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक हैं, जो छत्र व बाउंड्रीवाल रहित होने के कारण मौसम की मार, अतिक्रमण एवं उपेक्षा के प्रति अत्यधिक संवेदनशील होने के कारण उक्त को पर्याप्त सुरक्षा और सौंदर्यीकरण (यथावश्यक टिकाऊ एवं मौसम प्रतिरोधी छत्र का निर्माण, 05 फीट बाउड्रीवाल / रेलिंग / फेसिंग का निर्माण, लॉक युक्त गेट, हरिज क्षेत्र का निर्माण, मूर्ति के प्लेटफार्म का निर्माण, बैठने हेतु बेंच व पाथवे, समुचित प्रकाश की व्यवस्था आदि कार्य) हेतु डा० बी०आर० आंबेडकर मूर्ति विकास योजना लागू की गयी है, जिसके अन्तर्गत दिनांक 31 दिसम्बर 2025 तक स्थापित ऐसी विद्यमान मूर्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा उनके आस पास के क्षेत्र का सौंदर्यीकरण करते हुये मूर्तियों को संरक्षित करना एवं इन्हें सम्मानजनक स्वरूप प्रदान किया जाना है एवं उक्त के अतिरिक्त किसी सार्वजनिक स्थल पर वर्तमान पर लगी मूर्ति पुरानी अथवा जीर्ण शीर्ण हो गयी हो तो उसके स्थान पर संगमरमर की नई मूर्ति स्थापित की जानी है।
उक्त योजनान्तर्गत प्रत्येक विधान सभा में 10-10 स्मारकों का चिन्हाकंन किया जाना है, इस हेतु अधिकतम धनराशि रू0. 10-00 लाख तक व्यय होना है। योजनान्तर्गत आवेदन सम्बन्धित खण्ड विकास अधिकारी / जिला समाज कल्याण अधिकारी / जिलाधिकारी कार्यालय में किया जा सकता है।





