आजमगढ़। सगड़ी तहसील के हरैया ब्लॉक अंतर्गत बछऊरखुर्द रामगढ़ स्थित बाबू संत प्रसाद राय इंटर कॉलेज के छात्रों ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय के छात्र अमित सरोज ने जिले की टॉप-10 सूची में 7वां स्थान प्राप्त कर नया इतिहास रच दिया है।
अमित सरोज, पुत्र कमलेश कुमार, टाड़ी दान शनिचरा गांव के निवासी हैं। उनकी इस उपलब्धि के बाद विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है और उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
गौरतलब है कि पूर्व वर्षों में इस विद्यालय की छात्राएं ही टॉप-10 सूची में स्थान बनाती रही हैं, लेकिन इस बार पहली बार किसी छात्र ने यह उपलब्धि हासिल कर विद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
प्रधानाचार्य दीपक राय ने बताया कि यह सफलता शिक्षकों की मेहनत और विद्यार्थियों की लगन का परिणाम है। विद्यालय में करीब 1500 से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं और समय-समय पर उनके शैक्षिक विकास के लिए विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।
जिले में माध्यमिक स्तर के 700 से अधिक विद्यालयों के हजारों छात्रों के बीच टॉप-10 में जगह बनाना बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। उल्लेखनीय है कि इस विद्यालय के कई छात्र पूर्व में उच्च पदों पर पहुंचकर देश और समाज सेवा में योगदान दे रहे हैं।






