TV 20 NEWS || AZAMGARH :स्व गणना एवं जनगणना में आपका सहयोग, देश के विकास की पहचान- जिला जनगणना अधिकारी
स्व गणना एवं जनगणना में आपका सहयोग, देश के विकास की पहचान- जिला जनगणना अधिकारी
07 मई से शुरू होगा स्व गणना अभियान, जिला जनगणना अधिकारी ने किया सहभागिता का आह्वान
घर-घर पहुंचेगा प्रगणक दल, 22 मई से 20 जून तक होगा मकान सूचीकरण कार्य
डिजिटल जनगणना की पहलः सेल्फ इनुमरेशन पोर्टल से खुद दर्ज करें अपनी जानकारी
आजमगढ़ 06 मई 2026/
जनगणना व स्व गणना विषयक प्रेस प्रतिनिधियों से संवाद के क्रम में जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 गम्भीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत की जनगणना 2027 की प्रक्रिया वर्तमान में प्रचलन में है। जनगणना 2027 का प्रथम चरण, अर्थात् मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना, उत्तर प्रदेश में दिनांक 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक संचालित किया जाना निर्धारित है। यह जनगणना स्वतंत्रता प्राप्ति के उपरांत आयोजित की जाने वाली आठवीं तथा भारत की जनगणना श्रृंखला की सोलहवीं जनगणना है। विशेष रूप से, यह भारत की प्रथम डिजिटल जनगणना होगी, जिसमें आधुनिक तकनीकी साधनों का व्यापक उपयोग किया जाएगा।
उक्त चरण के प्रारंभ से पूर्व, आमजन को सुविधा प्रदान करने हेतु 15 दिवस की अवधि (दिनांक 07 मई 2026 से 21 मई 2026 तक) स्व-गणना (Self Enumeration) की व्यवस्था स्व गणना पोर्टल(https://se.census.gov.in/) के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है। यह एक महत्वपूर्ण एवं नवाचारी पहल है, जिसके माध्यम से परिवार स्वयं जनगणना पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना के माध्यम से न केवल डेटा संकलन की प्रक्रिया तीव्र एवं सुगम होगी, बल्कि स्वयं द्वारा सूचना उपलब्ध कराए जाने के कारण आंकड़ों की शुद्धता एवं विश्वसनीयता भी सुनिश्चित होगी। साथ ही, डिजिटल माध्यम के उपयोग से नागरिकों को सुविधा एवं पारदर्शिता का लाभ प्राप्त होगा। यह पहल जन-सहभागिता को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ प्रशासनिक दक्षता को भी सुदृढ़ करेगी।यह एक स्वैक्षिक पहल है, स्व-गणना का कार्य दिनांक 07 मई 2026 से 21 मई 2026 तक तथा जनगणना के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) का कार्य दिनांक 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा। स्व-गणना को एक जन-जागरूकता एवं सहभागिता आधारित पहल के रूप में भी देखा जा रहा है, जिसके माध्यम से नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
जनपद आजमगढ़ से संबंधित विशेष जानकारी
जनपद आजमगढ़ में जनगणना कार्य के सफल संचालन हेतु कुल 24 चार्ज निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 08 ग्रामीण चार्ज एवं 16 नगरीय चार्ज सम्मिलित हैं। इन चार्जों के अंतर्गत कुल 9097 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) चिन्हित किए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में चार्ज अधिकारी के रूप में संबंधित तहसीलदार तथा नगरीय क्षेत्रों में चार्ज अधिकारी के रूप में संबंधित अधिशासी अधिकारी नामित किए गए हैं। जनपद स्तर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को जिला जनगणना अधिकारी तथा जिलाधिकारी को प्रमुख जनगणना अधिकारी के रूप में नामित किया गया है, जो संपूर्ण कार्य की निगरानी एवं निर्देशन कर रहे हैं।
जनपद में प्रशिक्षण व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए, कुल 03 मास्टर ट्रेनरों द्वारा लखनऊ में प्रशिक्षण प्राप्त किया गया, जिनके द्वारा आगे 154 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षित किया गया। फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण कार्य दिनांक 16 मार्च से 23 मार्च 2026 के मध्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इसके उपरांत, इन फील्ड ट्रेनरों द्वारा जनपद के समस्त 24 चार्जों में कुल 9757 प्रगणक (Enumerators) एवं सुपरवाइजरों को दिनांक 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 के मध्य प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस प्रकार, जनपद आजमगढ़ में प्रशिक्षण संबंधी समस्त कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा सभी कार्मिक अपने दायित्वों के निर्वहन हेतु पूर्णतः तैयार हैं।
दिनांक 22 मई 2026 से 20 जून 2026 के मध्य मकान सूचीकरण एवं मकान गणना के दौरान समस्त प्रगणक घर-घर जाकर एप के माध्यम से आंकड़ों का संकलन करेंगे। इस प्रक्रिया में प्रत्येक परिवार का विवरण, मकान की स्थिति, उपयोगिता एवं अन्य आवश्यक सूचनाएं संकलित की जाएंगी। यह डेटा भविष्य की नीतियों, योजनाओं एवं विकासात्मक कार्यक्रमों के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अतः जनपद के समस्त नागरिकों से अपेक्षा की जाती है कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करें तथा स्व-गणना सुविधा का अधिकतम उपयोग करते हुए सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। साथ ही, जनगणना कार्मिकों को आवश्यक सहयोग प्रदान कर इस महत्त्वपूर्ण कार्य को सफल बनाने में अपना योगदान दें।
जनगणना व स्व गणना की जागरूकता हेतु जनपद में आयोजित कार्यशाला के अन्तर्गत समस्त प्रधान, ग्राम पंचायत के कर्मचारी, शिक्षा विभाग के सभी अध्यापक एवं कर्मचारियों, समस्त पेट्रोल पम्प/राशन कोटेदारों को, चिकित्सा विभाग के समस्त एएनएम/आशा व समस्त स्वास्थ्य कर्मचारियों को, पुलिस विभाग के सभी अधिकारी/कर्मचारी को, समस्त सीएससी को, समस्त लेखपाल/कानून गो/अमीन, विश्वविद्यालय, कालेज, स्कूल एवं समस्त ब्लाकों के अधिकारियों/कर्मचारियों को जनगणना व स्व गणना के सम्बन्ध में प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
जनगणना कार्य निदेशालय उत्तर प्रदेश द्वारा जारी निर्देश के क्रम मे जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह ने तिथिवार/दिनवार विषयगत कार्ययोजना की जानकारी देते हुए बताया कि 07 मई (गुरूवार) को राजस्व एवं प्रशासन/जन प्रतिनिधि दिवस के रूप मे चिन्हित करते हुए मा0 सांसद, विधायक, एलएलसी, विभागध्यक्ष, सरकारी कर्मचारी, राजस्व विभाग को लक्षित किया गया है। जिसके अन्तर्गत जिलाधिकारी द्वारा कलेक्ट्रेट कार्यालय स्तर पर शुभारम्भ कार्यक्रम, कार्यालयों में सामूहिक स्वगणना सत्र, राजस्व कार्यालयों का कवरेज, तहसील स्तर पर स्वगणना शिविर, कार्यालयों में सुविधा डेस्क, प्रशिक्षित कर्मचारियों द्वारा वास्तविक समय में सहायता किया जायेगा। 08 मई शुक्रवार को स्थानीय प्रशासन/ग्रामीण विकास/कृषि दिवस के रूप में चिन्हित करते हुए महापौर, पंचायत, ग्राम प्रधान, कृषि संस्थान को लक्षित किया गया है। इसी क्रम में 09 मई शनिवार को युवा खेल व मीडिया दिवस के अन्तर्गत एनएसएस, एनसीसी, युवा क्लब, मीडिया हाउस, 10 मई रविवार को प्रख्यात व्यक्ति और शहरी समूह दिवस जिसमें पद्म पुरस्कार विजेता, आरडब्ल्यूए, गेटेड सोसायटी, प्रमुख हस्तियां, 11 मई सोमवार को न्यायिक दिवस के अन्तर्गत न्याय पालिका, बार एसोसिएशन, 12 मई मंगलवार को वर्दीधारी बल दिवस के अन्तर्गत पुलिस, पीएसी, सीपीएमएफ, 13 मई बुधवार को केंन्द्रीय सरकारी कार्यालय एवं वित्त दिवस के अन्तर्गत बैंक रेलवे, डाकघर, राजकोष, वित्तीय संस्थान, 14 मई गुरूवार को शिक्षा दिवस के अन्तर्गत स्कूल, कालेज, विश्वविद्यालय, कोचिंग सेन्टर, आईटीआई, पालीटेक्निक, 15 मई शुक्रवार को स्वास्थ्य दिवस के अन्तर्गत मेडिकल कालेज, अस्पताल, आईएमए, आशा, आयुष, 16 मई शनिवार को उद्योग एवं परिवहन/अभियांत्रिकी दिवस के अन्तर्गत व्यापारी, मंडियां, होटल, ट्रांसपोर्टर, सभी इंजीनियरिंग विभाग, 17 मई रविवार को महिला एवं स्वयं सहायता समूह दिवस, 18 मई सोमवार को डिजिटल एक्सेस सपोर्ट के अन्तर्गत सीएससी, पंचायत भवन, शहरी वार्ड, 19 मई मंगलवार को घर से काम करने वाले/डिजिटल उपयोगकर्ता के अन्तर्गत आनलाईन काम करने वाले, छात्र, सोशल मीडिया उपयोगकर्ता, 20 मई बुधवार को गौरव दिवस के अन्तर्गत एलजीबीटीक्यू परिवार लक्षित समूहों को स्वगणना हेतु केंन्द्रीत है।
इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी डॉ0 पंकज कुमार, डीआईओ एनआईसी चंदन यादव, मास्टर ट्रेनर इं0 कुलभूषण सिंह, जिला जनगणना समन्वयक आकाश राय उपस्थित रहे।






