TV 20 NEWS || AZAMGARH :एनसीडी स्क्रीनिंग और आभा कार्ड अभियान में मिर्जापुर बना मॉडल ब्लॉक, कमजोर प्रगति पर सीएमओ सख्त

एनसीडी स्क्रीनिंग और आभा कार्ड अभियान में मिर्जापुर बना मॉडल ब्लॉक, कमजोर प्रगति पर सीएमओ सख्त

दोनों अभियानों में बेहतर कार्य करने वाले ब्लॉकों की विशेष प्रशंसा, लापरवाही पर जवाबदेही तय करने की चेतावनी

आजमगढ़ 13 मई 2026

जनपद में संचालित एनसीडी स्क्रीनिंग एवं आभा कार्ड निर्माण अभियान की समीक्षा करते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ एन आर वर्मा ने दोनों अभियानों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले ब्लॉकों की विशेष सराहना की, जबकि खराब प्रगति वाले ब्लॉकों को तत्काल सुधार लाने के सख्त निर्देश दिए हैं।
सीएमओ ने बताया कि 01 अप्रैल से आज 13 मई तक संचालित एनसीडी स्क्रीनिंग अभियान के अंतर्गत जनपद की 25,90,761 लक्षित आबादी के सापेक्ष 5,50,094 व्यक्तियों का सीबैक सर्वे एवं 1,35,581 लोगों की पूर्ण स्क्रीनिंग की जा चुकी है। स्क्रीनिंग के दौरान 3,393 संभावित रोगियों को चिन्हित कर उच्च चिकित्सा संस्थानों हेतु रेफर किया गया है।
उन्होंने बताया कि 13 मई 2026 तक की आभा कार्ड प्रगति रिपोर्ट के अनुसार जनपद में कुल 46,53,125 लक्ष्य के सापेक्ष 26,91,367 आभा कार्ड बनाए जा चुके हैं तथा कुल उपलब्धि 57.84 प्रतिशत दर्ज हुई है।
डाॅ एन आर वर्मा ने कहा कि मिर्जापुर ब्लॉक ने दोनों अभियानों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर जनपद में मॉडल ब्लॉक के रूप में अपनी पहचान बनाई है। एनसीडी स्क्रीनिंग में शीर्ष उपलब्धि के साथ आभा कार्ड निर्माण में 79.39 प्रतिशत प्रगति दर्ज कर ब्लॉक ने मजबूत फील्ड मॉनिटरिंग एवं प्रभावी टीमवर्क का उदाहरण प्रस्तुत किया है। इसके अतिरिक्त फूलपुर, पल्हनी एवं रानी की सराय ब्लॉकों द्वारा भी दोनों अभियानों में लगातार बेहतर कार्य किया गया है। सीएमओ ने इन ब्लॉकों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों, बीसीपीएम, सीएचओ, एएनएम, आशा एवं स्वास्थ्य टीमों की विशेष प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि बेहतर प्रदर्शन करने वाले ब्लॉकों में नियमित समीक्षा, माइक्रोप्लानिंग एवं फील्ड एक्टिवेशन प्रभावी ढंग से संचालित हो रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इन ब्लॉकों की कार्यप्रणाली को अन्य क्षेत्रों में भी लागू किया जाएगा।
वहीं अहरौला, कोयलसा, अजमतगढ़, ठेकमा, महराजगंज, अतरौलिया, लालगंज एवं तहबरपुर ब्लॉकों की प्रगति अपेक्षाकृत कमजोर पाए जाने पर सीएमओ ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान को केवल कागजी उपलब्धि तक सीमित न रखा जाए बल्कि ग्राम स्तर तक सक्रिय मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। आशाओं एवं संगिनियों की विशेष बैठक कर दैनिक लक्ष्य तय किए जाएं तथा प्रत्येक हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, सीएचसी एवं पीएचसी पर ऑन-द-स्पॉट आभा कार्ड निर्माण एवं एनसीडी स्क्रीनिंग की व्यवस्था और मजबूत की जाए।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि एनसीडी स्क्रीनिंग एवं आभा कार्ड निर्माण शासन की प्राथमिकता वाले अभियान हैं और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। अगले समीक्षा तक प्रगति में स्पष्ट सुधार न मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि 30 वर्ष से अधिक आयु के सभी व्यक्ति अपने निकटतम सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर निःशुल्क एनसीडी जांच अवश्य कराएं तथा अपना आभा कार्ड बनवाकर डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।