*TV 20 NEWS || AZAMGARH:ऑपरेशन वज्रपात के तहत सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने वाले युवक की काउंसलिंग*

*प्रेस नोट*
*थाना निजामाबाद, जनपद आजमगढ़*

*● ऑपरेशन वज्रपात के तहत सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने वाले युवक की काउंसलिंग*
*● अभिभावकों की उपस्थिति में कानून, यातायात नियमों एवं सोशल मीडिया के दुरुपयोग के संबंध में दी गई महत्वपूर्ण जानकारी*

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में तथा क्षेत्राधिकारी सदर श्रीमती आस्था जायसवाल के कुशल नेतृत्व में थाना निजामाबाद पुलिस द्वारा ऑपरेशन वज्रपात के अंतर्गत क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं में बढ़ रही गैंग संस्कृति पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के दौरान यह संज्ञान में आया कि कुछ युवक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर “टीम 0777 गैंग” के नाम से समूह बनाकर मोटरसाइकिलों के साथ झुंड में भ्रमण करते हुए वीडियो एवं फोटो पोस्ट कर रहे हैं, जिससे आमजन में भय एवं असुरक्षा की भावना उत्पन्न होने की संभावना बनी रहती है।

थाना निजामाबाद पुलिस द्वारा ऐसे नवयुवकों की पहचान करते हुए गैंग के सदस्य कृष्णा गौड़ पुत्र सत्य नारायण गौड़ निवासी ग्राम सरायपल्टू, थाना गंभीरपुर, जनपद आजमगढ़ को चिन्हित किया गया। तत्पश्चात उसे थाना परिसर में उसके अभिभावकों की उपस्थिति में बुलाकर काउंसलिंग की गई।
काउंसलिंग के दौरान युवक एवं उसके अभिभावकों को कानून-व्यवस्था, यातायात नियमों, सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग तथा उसके दुरुपयोग से होने वाले कानूनी एवं सामाजिक दुष्परिणामों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही भविष्य में किसी भी प्रकार की गैंग गतिविधि अथवा भ्रामक एवं आपत्तिजनक सामग्री सोशल मीडिया पर प्रसारित न करने की चेतावनी दी गई।
पुलिस द्वारा अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखें तथा उन्हें कानून का पालन करने, समाजोपयोगी कार्यों में सहभागिता करने एवं सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।