*TV 20 NEWS || AZAMGARH : विकास प्रदर्शनी के दूसरे दिन उमड़ी जनमानस की भीड़, कृषि महाविद्यालय के छात्रों ने किया अवलोकन*

विकास प्रदर्शनी के दूसरे दिन उमड़ी जनमानस की भीड़, कृषि महाविद्यालय के छात्रों ने किया अवलोकन

जन-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी से रूबरू हुए छात्र-छात्राएं, सेल्फी विद पीएम प्वाइंट रहा आकर्षण का केंद्र

लोकगायन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दी गई सरकार की योजनाओं की जानकारी

आजमगढ़, 17 जून 2026
केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत हरिऔध कला केन्द्र प्रांगण में लगाई गई चार दिवसीय विकास प्रदर्शनी (17 से 20 जून, 2026) के दूसरे दिन प्रदर्शनी में जनमानस की भारी भीड़ उमड़ी। विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

प्रदर्शनी के दूसरे दिन कृषि महाविद्यालय कोटवा के प्रोफेसरगण एवं बीएससी एग्रीकल्चर के छात्र-छात्राओं का एक दल प्रदर्शनी पहुंचा। असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अनिल कुमार सिंह एवं डॉ. रेनू गंगवार के नेतृत्व में आए छात्रों ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित विभिन्न विकास योजनाओं, उपलब्धियों एवं जनहितकारी कार्यक्रमों का गहन अवलोकन किया।

इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार ने गाइड की भूमिका निभाते हुए छात्रों को प्रदर्शनी का भ्रमण कराया। उन्होंने केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं, विशेष रूप से कृषि क्षेत्र से संबंधित योजनाओं, नवाचारों, किसान कल्याण कार्यक्रमों, कृषि तकनीकी उन्नयन तथा कृषि आधारित रोजगार एवं उद्यमिता के अवसरों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को योजनाओं के लाभ, उनकी उपयोगिता तथा उनसे जुड़े प्रेरणादायक तथ्यों से भी अवगत कराया।

प्रदर्शनी में स्थापित “सेल्फी विद पीएम” प्वाइंट युवाओं और छात्रों के आकर्षण का विशेष केंद्र बना रहा। छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक यहां सेल्फी लेकर अपने अनुभवों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया। प्रदर्शनी का अवलोकन करने वाले छात्रों एवं आगंतुकों ने केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी प्रयासों की सराहना की।

प्रदर्शनी परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। संस्कृति विभाग के स्थानीय कलाकार श्यामकुंवर यादव एवं शीला ने अपनी टीम के साथ लोकगीतों एवं लोकगायन की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों ने अपने गीतों के माध्यम से केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं, उपलब्धियों एवं जनहितकारी कार्यक्रमों की जानकारी जनमानस तक पहुंचाई। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का दर्शकों ने भरपूर आनंद लिया तथा कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

इसके अतिरिक्त प्रदर्शनी में स्थापित पुस्तक प्रदर्शनी स्टॉल पर केन्द्र सरकार के 12 वर्ष तथा प्रदेश सरकार के 09 वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तिकाओं, फोल्डरों एवं प्रचार सामग्री का निःशुल्क वितरण किया गया। आगंतुकों ने इन प्रकाशनों में विशेष रुचि दिखाई तथा सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों से संबंधित जानकारी प्राप्त की। प्रदर्शनी आगामी 20 जून तक आमजन के लिए खुली रहेगी।