*TV 20 NEWS || LUCKNOW: उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने उचित दर विक्रेताओं को अतिरिक्त लाभांश वितरण घोषणा कार्यक्रम में किया सहभागिता*
प्रेस विज्ञप्ति
• *उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने उचित दर विक्रेताओं को अतिरिक्त लाभांश वितरण घोषणा कार्यक्रम में किया सहभागिता*
• *प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत प्रदेश के लगभग 15 करोड़ लाभार्थियों को मिल रही भोजन की गारंटी : केशव प्रसाद मौर्य*
• *78,442 उचित दर दुकानों के माध्यम से प्रतिवर्ष लगभग 90 लाख मीट्रिक टन खाद्यान्न का हो रहा वितरण*
• *कोटेदारों का लाभांश बढ़कर ₹35 प्रति कुंतल स्वीकृत, 25 प्रतिशत अतिरिक्त वृद्धि के लिए केंद्र को भेजा गया प्रस्ताव*
• *99.50 प्रतिशत लाभार्थियों को बायोमेट्रिक एवं मोबाइल ओटीपी के माध्यम से खाद्यान्न वितरण*
• *3,785 उचित दर दुकानें महिला स्वयं सहायता समूहों को आवंटित, 8,300 अन्नपूर्णा भवन पूर्ण*
*उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी*
लखनऊ, 17 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने आज लोक भवन, लखनऊ में उत्तर प्रदेश के उचित दर विक्रेताओं को राज्य सरकार के बजट से अतिरिक्त लाभांश वितरण घोषणा कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश की डबल इंजन सरकार गरीब कल्याण और खाद्य सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। प्रदेश के करोड़ों गरीब परिवारों तक निःशुल्क खाद्यान्न पहुंचाने में उचित दर विक्रेता महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
*लगभग 15 करोड़ लाभार्थियों को भोजन की गारंटी*
उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य जी ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत प्रदेश के लगभग 15 करोड़ लाभार्थियों को भोजन की गारंटी दी जा रही है। प्रत्येक माह निःशुल्क खाद्यान्न का वितरण प्रदेश की लगभग 78,442 उचित दर दुकानों के माध्यम से किया जा रहा है। प्रदेश में प्रतिवर्ष लगभग 90 लाख मीट्रिक टन खाद्यान्न वितरित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी का संकल्प है कि देश का कोई गरीब भूखा न रहे और प्रत्येक पात्र परिवार को उसके अधिकार का खाद्यान्न मिले। उत्तर प्रदेश सरकार इसी संकल्प को धरातल पर उतारते हुए सार्वजनिक वितरण प्रणाली को लगातार अधिक पारदर्शी, प्रभावी और जनहितकारी बना रही है।
*तकनीक से पारदर्शी हुआ खाद्यान्न वितरण*
श्री मौर्य जी ने कहा कि प्रदेश की सभी उचित दर दुकानों पर ई-वेइंग स्केल लिंक्ड ई-पॉस मशीन उपलब्ध कराई गई हैं। लगभग 99.50 प्रतिशत लाभार्थियों का बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण अंगूठा/उंगली स्कैन, आंख की पुतली स्कैन अथवा मोबाइल ओटीपी के माध्यम से किया जा रहा है और इसके बाद खाद्यान्न का वितरण होता है। तकनीक के प्रयोग से सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ी है। सरकार का प्रयास है कि पात्र लाभार्थी को उसके अधिकार का खाद्यान्न बिना किसी परेशानी और पूरी पारदर्शिता के साथ मिले।
महिला सशक्तिकरण सशक्तिकरण को बढ़ावा
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में सभी राशन कार्ड महिला मुखिया के नाम पर निर्गत किए गए हैं। साथ ही 3,785 उचित दर दुकानें महिला स्वयं सहायता समूहों को आवंटित की गई हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों को उचित दर दुकानों से जोड़ने से महिलाओं को रोजगार एवं आय के अवसर मिल रहे हैं। सरकार महिलाओं को योजनाओं का लाभार्थी बनाने के साथ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी लगातार कार्य कर रही है।
*‘वन नेशन-वन राशन कार्ड’ से देशभर में सुविधा*
श्री मौर्य जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में लागू ‘वन नेशन-वन राशन कार्ड’ व्यवस्था गरीब और श्रमिक परिवारों के लिए बड़ी सुविधा बनी है। रोजगार अथवा अन्य कारणों से दूसरे राज्यों में जाने वाले परिवार अब अपने खाद्य अधिकार से वंचित नहीं होते। उत्तर प्रदेश के राशन कार्डधारकों ने अन्य राज्यों में लगभग 1,12,40,564 बार राशन प्राप्त किया है। यह व्यवस्था विशेष रूप से प्रवासी श्रमिकों और दूसरे राज्यों में रहने वाले पात्र परिवारों के लिए उपयोगी साबित हो रही है।
*8,300 अन्नपूर्णा भवन पूर्ण*
उप मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में उचित दर दुकानों को बेहतर सुविधाओं से जोड़ने के लिए अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। प्रदेश में 8,300 अन्नपूर्णा भवन पूर्ण हो चुके हैं तथा 1,500 भवन निर्माणाधीन हैं। सरकार की मंशा है कि उचित दर दुकानें केवल खाद्यान्न वितरण का केंद्र न रहें, बल्कि स्थानीय स्तर पर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
*कोटेदारों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय*
श्री मौर्य जी ने कहा कि सरकार गरीबों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने के साथ उचित दर विक्रेताओं के हितों का भी पूरा ध्यान रख रही है। कोटेदार सार्वजनिक वितरण प्रणाली की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके माध्यम से ही खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचता है। उचित दर विक्रेताओं को 39 मानक वस्तुओं की बिक्री की अनुमति दी गई है। इससे उनकी अतिरिक्त आय के अवसर बढ़ेंगे। इसके साथ ही कोटेदारों का लाभांश बढ़ाकर ₹35 प्रति कुंतल स्वीकृत किया गया है। लाभांश में 25 प्रतिशत अतिरिक्त बढ़ोतरी के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। सरकार उचित दर विक्रेताओं की जायज समस्याओं और मांगों के प्रति संवेदनशील है। कोटेदार आर्थिक रूप से मजबूत होंगे तो सार्वजनिक वितरण प्रणाली और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित होगी।
*एफसीआई गोदाम से सीधे कोटेदारों तक खाद्यान्न*
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि खाद्यान्न आपूर्ति व्यवस्था में भी महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं। एफसीआई गोदाम से सीधे उचित दर विक्रेताओं तक खाद्यान्न पहुंचाया जा रहा है तथा इसका परिवहन निःशुल्क किया जा रहा है। इससे कोटेदारों पर अतिरिक्त परिवहन व्यय का भार कम हुआ है और खाद्यान्न आपूर्ति व्यवस्था अधिक सुचारु हुई है। सरकार का लक्ष्य है कि खाद्यान्न वितरण की पूरी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाए। गरीब परिवारों को उनके अधिकार का खाद्यान्न समय से मिले और उचित दर विक्रेताओं को भी किसी प्रकार की अनावश्यक कठिनाई न हो।
*गरीब कल्याण और कोटेदारों के हित साथ-साथ*
श्री मौर्य जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में गरीब कल्याण को विकास की मुख्यधारा का केंद्र बनाया गया है। मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतार रही है। गरीबों के खाद्य अधिकार की गारंटी और उचित दर विक्रेताओं के हितों का संरक्षण साथ-साथ चल रहा है। सरकार का संकल्प है कि प्रदेश का कोई भी पात्र परिवार खाद्यान्न से वंचित न रहे। तकनीक, पारदर्शिता और संवेदनशील प्रशासन के माध्यम से सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और मजबूत किया जाएगा।
इस अवसर पर मा. मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी, उप मुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक जी, मा. मंत्री खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति श्री मनोज कुमार पाण्डेय जी, मा. राज्यमंत्री श्री सतीश चन्द्र शर्मा जी, महापौर लखनऊ श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी, मा. सांसद श्री बृजलाल जी, मा. विधायक श्री मुकेश शर्मा जी, मा. विधायक श्री ओ.पी. श्रीवास्तव जी, मा. विधायक श्री नीरज बोरा जी, मा. विधायक श्री योगेश शुक्ला जी, अध्यक्ष उत्तर प्रदेश सस्ता गल्ला विक्रेता परिषद श्री अशोक कुमार मेहरौत्रा जी, ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के श्री राजेश तिवारी जी, श्री कमलेश कुमार मिश्र जी, आदर्श कोटेदार एवं उपभोक्ता वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिगण सहित प्रदेश के उचित दर विक्रेता उपस्थित रहे तथा बड़ी संख्या में कोटेदार जूम के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।






