*TV 20 NEWS || AZAMGARH:मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप, किन्नर समुदाय ने जिलाधिकारी से लगाई सुरक्षा की गुहार*

मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप, किन्नर समुदाय ने जिलाधिकारी से लगाई सुरक्षा की गुहार
आजमगढ़। मेहनगर थाना क्षेत्र के ग्राम हटवा में बधाई मांगने गईं किन्नर समुदाय की कुछ सदस्यों के साथ मारपीट और गाली-गलौज किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने जिलाधिकारी आजमगढ़ को प्रार्थना-पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तथा जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।
प्रार्थना-पत्र के अनुसार, रूबी किन्नर, मैना किन्नर, मिष्ठी किन्नर, बहोगी किन्नर, पिंक्की किन्नर, मोना किन्नर, मोनिका किन्नर और निशा किन्नर, ब्लॉक एवं ग्रामसभा पल्हना की निवासी हैं। आरोप है कि 14 सितंबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे वे ग्राम हटवा, पोस्ट मेहनगर में बधाई मांगने गई थीं। इसी दौरान पहले से मौजूद संगीता किन्नर के पति संतोष राजभर, सोनी किन्नर के पति आर्यन कुमार तथा उनके कुछ साथियों और बाहरी युवकों ने कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़ितों का आरोप है कि इसके बाद नेहा किन्नर सहित कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की। घटना में मैना किन्नर, मिष्ठी किन्नर और बहोगी किन्नर को सिर में चोट लगने की बात कही गई है, जिनके सिर में टांके लगाए जाने का दावा प्रार्थना-पत्र में किया गया है।
पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने मेहनगर थाने में प्रार्थना-पत्र दिया, लेकिन उनकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। प्रार्थना-पत्र में करीब एक वर्ष पूर्व 20 दिसंबर 2025 को जनपद मऊ में भी मारपीट की घटना होने का उल्लेख करते हुए इसे पुरानी रंजिश से जोड़कर बताया गया है।
किन्नर समुदाय के सदस्यों ने आरोप लगाया है कि उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है और जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले की गंभीरता से जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा उनकी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
पीड़ित पक्ष ने आशंका जताई है कि भविष्य में रूबी किन्नर या उनके साथियों के साथ कोई गंभीर घटना होती है तो इसके लिए शिकायत में नामजद लोगों को जिम्मेदार माना जाए। मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।