*TV 20 NEWS || AZAMGARH:मुख्यमंत्री द्वारा पूर्वदशम तथा दशमोत्तर कक्षाओं के छात्रों के छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति के अंतरण कार्यक्रम का आजमगढ़ में हुआ संजीव प्रसारण*
मुख्यमंत्री द्वारा पूर्वदशम तथा दशमोत्तर कक्षाओं के छात्रों के छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति के अंतरण कार्यक्रम का आजमगढ़ में हुआ संजीव प्रसारण
आज स्कॉलरशिप में सेंधमारी नहीं हो सकती। डीबीटी के माध्यम से पैसा सीधे छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में पहुंच रहा है।—मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
आजमगढ़ 03 अक्टूबर 2026/
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अल्प आय वर्ग के पूर्वदशम (कक्षा 9-10) तथा दशमोत्तर कक्षाओं के 4.60 लाख+ छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में ₹148 करोड़ + की छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति का अंतरण कार्यक्रम का संजीव प्रसारण जनपद आजमगढ़ में किया गया। इस अवसर पर प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि डबल इंजन सरकार का संकल्प है कि धन के अभाव में कोई भी विद्यार्थी शिक्षा से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य के साथ सरकार प्रत्येक विद्यार्थी को शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।आज स्कॉलरशिप में सेंधमारी नहीं हो सकती। डीबीटी के माध्यम से पैसा सीधे छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में पहुंच रहा है। सरकार की मंशा स्पष्ट है कि कोई भी छात्र धनाभाव के कारण स्कूली शिक्षा से वंचित न रहे। हर छात्र को पढ़ने का अवसर मिले, एक बेहतर प्लेटफॉर्म मिले और अच्छी सुविधाएं उपलब्ध हों। प्रदेश सरकार इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य कर रही है।
शिक्षा के माध्यम से युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने के उद्देश्य से जनपद में पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति (कक्षा 11-12) के अंतर्गत प्रथम चरण में छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृत प्रमाण-पत्रों के वितरण का कार्यक्रम जनपद के विद्यालयों में आयोजित किया गया। मुख्य कार्यक्रम मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश की अध्यक्षता में लोक भवन में लखनऊ आयोजित किया गया था। जिसका सजीव प्रसारण जनपद के विद्यालयों में भी किया गया। जनपद में अमर शहीद स्मारक इण्टर कालेज, ईश्वरपुर, रानी की सराय, आजमगढ़ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने स्वयं उपस्थित होकर छात्र/छात्राओं का मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन किया उन्होनें छात्रवृत्ति स्वीकृति पत्र सौपते हुए विद्यार्थियों से संवाद किया और इस धनराशि का उपयोग शिक्षा, अध्ययन सामग्री एवं अपने उज्जवल भविष्य के निर्माण करने के लिए प्रेरित किया।
अमर शहीद स्मारक इण्टर कालेज, ईश्वरपुर, रानी की सराय, आजमगढ़ में कक्षा 10 के 96 एवं कक्षा 12 के 121 छात्र/छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। छात्रवृत्ति की धनराशि उनके आधार बेस्ड बैंक खाते में प्रेषित की गई है। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा बताया गया कि प्रथम चरण में जनपद के कक्षा 10 अनुसूचित जाति के 1803 छात्रों 25.24 लाख, सामान्य वर्ग 304 छात्रों को 9.12 लाख, पिछड़ा वर्ग के 5339 छात्रों पर 120.13 लाख एवं अल्पसंख्यक वर्ग के 430 छात्रों को रू 12.90 लाख तथा कक्षा 12 के अनुसूचित जाति के 1592 छात्रों 19.20 लाख, सामान्य वर्ग 168 छात्रों को 5.13 लाख, पिछड़ा वर्ग के 4761 छात्रों पर 156.06 लाख एवं अल्पसंख्यक वर्ग के 289 छात्रों को 9.48 लाख की धनराशि प्रदान की गई है।
कार्यक्रम में उप जिला विद्यालय निरीक्षक विरेन्द्र प्रताप सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी चेतन सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य रामसिंह यादव एवं विद्यालय के अन्य कर्मचारी तथा कल्याण विभाग के कर्मचारी भी उपस्थित रहे






