आजमगढ़। नवरात्रि के प्रथम दिन हिरापट्टी स्थित हरिऔध क्षेत्र में मां दुर्गा के आगमन पर श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों की गूंज, भक्तों के जयकारों और आतिशबाजी से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। आतिशबाजी से आसमान जगमगा उठा और मां के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा।
बजरंग सेवा समिति के तत्वावधान में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी नवरात्रि के पहले दिन मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई। प्रतिमा स्थापना के साथ ही श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला और भक्तों ने पूरे श्रद्धाभाव से मां का स्वागत किया।
समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बताया कि नौ दिवसीय नवरात्रि के दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में श्रद्धालु बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। नवरात्रि के अंतिम दिन मां दुर्गा की प्रतिमा को धूमधाम से विदाई दी जाएगी।






