अखिलेश बोले, समाजवाद की इबादतगाह है आजमगढ़


-September 3, 2021
लखनऊ। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि आजमगढ़ समाजवाद की इबादतगाह है। हर समाजवादी का आजमगढ़ के साथ अटूट रिश्ता है। यह रिश्ता आगे भी इसी तरह से बना रहेगा। उन्होंने कहा कि उनका तो आजमगढ़ से रिश्ता टूटने का सवाल ही नहीं खड़ा होता है। जब तक उनकी सांसें चलेंगी, उनकी हर सांस से आजमगढ़ का नाम आयेगा। आजमगढ़ से मिले प्यार व स्नेह को वह जीवनपर्यन्त नहीं भुला सकते हैं।
सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री एवं आजमगढ़ के सांसद अखिलेश यादव ने यूपी न्यूज के साथ हुई बातचीत में आजमगढ़ को ही अपना केन्द्र बनाये रखा। उन्होंने कहा कि वह आजमगढ़ का सांसद बनने के बाद आजमगढ़ को अच्छी तरह से समझ पाये हैं। आजमगढ़ के जन-जन की आत्मा में समाजवाद बसा हुआ है। ऐसे में वह अपने आपको सौभाग्यशाली समझते हैं कि उनको ऐसे सूझ-बूझ वाले लोगों का सांसद बनने का अवसर मिला। सपा मुखिया ने कहा कि आजमगढ़ की अधिकांश सीटें तो वह पहले से ही जीतते रहे हैं। 2022 के चुनाव में आजमगढ़ की सभी दसो विधानसभा सीटों पर सपा का परचम लहरायेगा।