TV 20 NEWS || AZAMGARH : 24-26 जनवरी 2026 की अवधि में उत्तर प्रदेश दिवस-2026 को समारोहपूर्वक आयोजित किये जाने के सम्बन्ध में प्रभारी जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों के साथ की बैठक
24-26 जनवरी 2026 की अवधि में उत्तर प्रदेश दिवस-2026 को समारोहपूर्वक आयोजित किये जाने के सम्बन्ध में प्रभारी जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों के साथ की बैठक
जनपद में होने वाले कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों, कवियों, साहित्यकारों आदि को मंच प्रदान कर उन्हें प्रोत्साहित किया जाए-प्रभारी जिलाधिकारी
उत्तर प्रदेश दिवस-2026 के सभी आयोजन विकसित उत्तर प्रदेश-विकसित भारत की थीम के अन्तर्गत किये जाए- प्रभारी जिलाधिकारी
आजमगढ़ 20 जनवरी– प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी श्री परीक्षित खटाना की अध्यक्षता में आज विकास भवन के सभागार में दिनांक 24-26 जनवरी 2026 की अवधि में उत्तर प्रदेश दिवस-2026 को समारोहपूर्वक आयोजित किये जाने के सम्बन्ध में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की गयी।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य की स्थापना दिनांक 24 जनवरी 1950 को हुई थी तथा इसी दिन प्रदेश का नाम संयुक्त प्रान्त से बदल कर उत्तर प्रदेश रखा गया था। उत्तर प्रदेश राज्य की स्थापना की ऐतिहासिक स्मृति को चिरस्थाई बनाने तथा प्रदेश की सांस्कृतिक, सामाजिक एवं विकासात्मक उपलब्धियों को व्यापक रूप से जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से वर्ष-2018 से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस को त्रिदिवसीय (24-26 जनवरी, 2026 के मध्य) आयोजन के माध्यम से सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा व्यापक जनसहभागिता के साथ मनाया जाता रहा है।
उन्होने बताया कि इसी परम्परा को आगे बढ़ाते हुए वर्ष 2026 में यह आयोजन राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के समस्त जनपदों में एक साथ किया जाएगा। उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का मुख्य राज्य स्तरीय आयोजन लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर किया जाएगा एवं इसके साथ-साथ प्रदेश के सभी जनपदों में जनपद स्तरीय सांस्कृतिक, साहित्यिक, सामाजिक एवं विकासपरक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। लखनऊ में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया जाएगा तथा इस कार्यक्रम की समाप्ति के बाद जनपद स्तर पर आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिया कि जनपद में होने वाले कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों, कवियों, साहित्यकारों आदि को मंच प्रदान कर उन्हें प्रोत्साहित किया जाए। इस अवसर पर जनपद स्तरीय कार्यक्रमों में माननीय मंत्रीगण, निगम/बोर्ड के माननीय अध्यक्षगण, माननीय जन प्रतिनिधिगण/नोडल अधिकारियों आदि को भी आमंत्रित किया जाए। उन्होने जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि उत्तर प्रदेश दिवस-2026 के सभी आयोजन विकसित उत्तर प्रदेश-विकसित भारत थीम के अन्तर्गत किये जाएं। सभी विभागों द्वारा प्रदर्शनियां, संगोष्ठियां, वीर रस की कविताओं का पाठ, सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगितायें, रोड शो, पारम्परिक खेल (जैसे मलखम्भ/ कबड्डी) आदि का आयोजन सुनिश्चित किया जाए, जिससे उत्तर प्रदेश की प्रगति, नवाचार, सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक चेतना को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया जा सके। उत्तर प्रदेश दिवस-2026 के अन्तर्गत महत्वपूर्ण दिवसों को भी समाहित किया गया है- जिसमें दिनांक 23 जनवरी, 2026 को नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती (मॉकड्रिल सहित कार्यक्रम), दिनांक 24 जनवरी, 2026 को उत्तर प्रदेश दिवस, दिनांक 25 जनवरी, 2026 को राष्ट्रीय पर्यटन दिवस/ मतदाता जागरूकता दिवस एवं दिनांक 26 जनवरी, 2026 को गणतंत्र दिवस (समापन) का कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस-2026 के आयोजन के अन्तर्गत संस्कृति विभाग, उ०प्र० द्वारा सम्पूर्ण प्रदेश में उत्तर प्रदेश पर्व हमारी संस्कृति हमारी पहचान के अन्तर्गत संस्कृति उत्सव-2025-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस हेतु तहसील/ब्लॉक/जनपद एवं मण्डल स्तर पर गायन/वादन/नृत्य/नाट्य एवं काव्य सम्मेलन/संगोष्ठी आदि कार्यक्रमों का आयोजन प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित कराया जाए। उन्होने कहा कि कलाकारों से पुराने वाद्य यंत्रों के प्रयोग पर भी बल दिया जाए। उन्होने उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिया कि उत्तर प्रदेश दिवस-2026 के अवसर पर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग द्वारा एक जनपद-एक उत्पाद (ओ०डी०ओ०पी०) के अन्तर्गत प्रदेश के शिल्पकारों के उत्पादों की प्रदर्शनियों का आयोजन सुनिश्चित किया जाए। इन प्रदर्शनियों के स्टॉल्स में ट्रेड शो की तर्ज पर जी०आई० टैग्ड ओ०डी०ओ०पी० के उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय भी सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग द्वारा एक जनपद-एक व्यंजन के उत्पादों का भी प्रदर्शन सुनिश्चित किया जाये।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग द्वारा स्टार्टअप व ईज ऑफ डूईंग बिजनेस पर आधारित प्रदर्शनियां, इनवेस्ट उत्तर प्रदेश द्वारा वन ट्रिलियन डॉलर इकॉनामी पर आधारित प्रदर्शनियां, उत्तर प्रदेश पर आधारित प्रदर्शनियां, गृह विभाग द्वारा मिशन शक्ति पर आधारित प्रदर्शनियां व संस्कृति विभाग द्वारा प्रदेश की कला, संस्कृति व इतिहास पर आधारित प्रदर्शनियां लगाई जाए।
उन्होने कहा कि विभिन्न विभागों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों की ऐसी विशिष्ट सफल प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाए, जो युवा पीढ़ी के लिये अनुकरणीय हों। उन्होने कहा कि नगर विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा दिनांक 12 से 26 जनवरी, 2026 की अवधि में विशेष स्वच्छता अभियान चलाते हुए समस्त ग्राम पंचायतों एवं नगर पंचायतों में साफ-सफाई से सम्बन्धित कार्य कराये जाएं। उन्होने कहा कि युवा कल्याण विभाग द्वारा युवाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दिनांक 12 से 23 जनवरी, 2026 के मध्य विभिन्न कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताएं कराते हुए विजेताओं को पुरस्कृत किया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, कृषि एवं विज्ञान विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले हस्तशिल्पियों, किसानों, उद्यमियों, चिकित्सकों आदि का चयन करते हुए श्उत्तर प्रदेश दिवस-2026श् के अवसर पर उन्हें सम्मानित किया जाए। उन्होने कहा कि दिनांक 24-26 जनवरी की अवधि में आयोजित उत्तर प्रदेश दिवस-2026 के अवसर पर उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान व विश्वकर्मा श्रम सम्मान के विजेताओं, माटी कला बोर्ड में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों, खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेताओं, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, चिकित्सकों, प्रगतिशील किसानों व वैज्ञानिकों का सम्मान किया जाए। उन्होने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओ के सम्बन्ध में जागरूक करने एवं लाभ पहुँचाने के लिए स्टॉल लगाना सुनिश्चित करें।






