TV20 NEWS ||AZAMGARH :केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जनपद के सभी विकास खण्डों में आयोजित हुआ जन-कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेला
केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जनपद के सभी विकास खण्डों में आयोजित हुआ जन-कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेला
समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान संपादित, पात्र लाभार्थियों का हुआ पंजीकरण
आजमगढ़, 15 जून 2026।
मा० प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर जनपद आजमगढ़ में 5 जून से 21 जून 2026 तक व्यापक स्तर पर समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन तथा मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना के पर्यवेक्षण में जनपद के समस्त 22 विकास खण्डों एवं नगरीय निकायों में 14 से 16 जून तक जन-कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेला क्रियान्वित है।
जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के नीतिगत निर्णयों, जन-केन्द्रित विकास कार्यों तथा लोक-कल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने, पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से आच्छादित करने, जन समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह अभियान संचालित किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं से आमजन को सीधे जोड़ते हुए उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष बल दिया गया।
सभी विभागों की सहभागिता से लगे स्टॉल, योजनाओं की जानकारी के साथ किया गया पंजीकरण
मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना के निर्देशन में आयोजित त्रि-दिवसीय जन-कल्याण मेलों का शुभारम्भ संबंधित ब्लॉक प्रमुखों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया। जन-कल्याण शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं एवं कार्यक्रमों से संबंधित स्टॉल लगाए गए, जहां आमजन को योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा इच्छुक एवं पात्र व्यक्तियों का पंजीकरण भी कराया गया। योजनाओं से संबंधित ब्रोशर एवं प्रचार सामग्री का वितरण कर लोगों को लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।
जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि शिविरों में केन्द्र सरकार की प्रमुख योजनाओं जैसे आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना तथा अटल पेंशन योजना आदि की जानकारी दी गई। साथ ही इन योजनाओं से लाभान्वित व्यक्तियों की सफलता की कहानियों का भी प्रदर्शन किया गया, जिससे अन्य पात्र व्यक्तियों को प्रेरणा मिल सके।
इसी प्रकार राज्य सरकार की योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री जन-आरोग्य योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना, मुख्यमंत्री किसान दुर्घटना कल्याण योजना, मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना, मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, एक जनपद-एक उत्पाद, एक जिला-एक व्यंजन तथा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना आदि का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कराया गया।
स्वास्थ्य मेलों में चिकित्सा परामर्श एवं जांच, जनभागीदारी और सुशासन पर विशेष जोर
जन-कल्याण शिविरों के साथ स्वास्थ्य मेले एवं जन-आरोग्य मेलों का भी आयोजन किया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया। भीषण गर्मी को दृष्टिगत रखते हुए सभी शिविर स्थलों पर आम नागरिकों के लिए पर्याप्त छायादार पंडाल, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा शीतल पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
समस्त कार्यक्रम ‘‘सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान’’ की भावना के अनुरूप संचालित किए गए। अभियान के प्रत्येक चरण में सादगी, अनुशासन, ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण तथा जनभागीदारी को विशेष प्राथमिकता प्रदान की गई। साथ ही केन्द्र एवं राज्य सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं के संतृप्तीकरण तथा प्रदेश में विगत वर्षों में हुए विकास कार्यों एवं सुशासन मॉडल की उपलब्धियों को जनसामान्य तक पहुंचाया गया।
जन-कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले के सफल एवं प्रभावी संचालन में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के चिकित्साधिकारी, सहायक विकास अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।






