*TV 20 NEWS || AZAMGARH:”ऑपरेशन वज्रपात” के तहत सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन एवं गैंग संस्कृति के महिमामंडन पर पुलिस की सख्त नजर*
*प्रेस विज्ञप्ति*
*थाना गम्भीरपुर, जनपद आजमगढ़*
*दिनांक : 24.06.2026*
*”ऑपरेशन वज्रपात” के तहत सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन एवं गैंग संस्कृति के महिमामंडन पर पुलिस की सख्त नजर*
*AI तकनीक से फोटो एडिट कर हाथ में पिस्टल प्रदर्शित करते हुए वीडियो वायरल करने वाले किशोर की काउंसलिंग, अभिभावकों को भी किया गया जागरूक*
*वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार* के निर्देशन में जनपद में संचालित *”ऑपरेशन वज्रपात”* के अंतर्गत सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं में बढ़ रही *गैंग संस्कृति, हथियारों के प्रदर्शन तथा भय का वातावरण उत्पन्न करने वाली गतिविधियों* पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के दौरान *साइबर निगरानी* के क्रम में संज्ञान में आया कि *सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक वीडियो* प्रसारित किया गया है, जिसमें *AI तकनीक* का उपयोग कर *फोटो एडिट करते हुए एक किशोर को हाथ में पिस्टल प्रदर्शित करते* हुए दिखाया गया है। इस प्रकार की पोस्ट एवं वीडियो आमजन में भय एवं असुरक्षा की भावना उत्पन्न करने के साथ-साथ युवाओं को गलत दिशा में प्रेरित कर सकती हैं।
मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए *थाना गम्भीरपुर पुलिस* द्वारा जांच की गई। जांच के दौरान संबंधित किशोर की पहचान कर उसे उसके अभिभावकों की उपस्थिति में थाना परिसर बुलाया गया, जहां उसकी विस्तृत काउंसलिंग की गई। काउंसलिंग के दौरान उसे कानून-व्यवस्था, यातायात नियमों, सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म के दुरुपयोग से होने वाले कानूनी एवं सामाजिक दुष्परिणामों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस द्वारा अभिभावकों को भी जागरूक करते हुए अपील की गई कि वे अपने बच्चों की ऑनलाइन एवं ऑफलाइन गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखें तथा उन्हें कानून का सम्मान करने, सकारात्मक कार्यों में सहभागिता बढ़ाने एवं सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए प्रेरित करें।
🔹 *जनपद पुलिस की अपील*
सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन, गैंग संस्कृति का प्रचार-प्रसार, भय या दहशत उत्पन्न करने वाले पोस्ट/वीडियो साझा करना अथवा AI तकनीक का दुरुपयोग कर भ्रामक सामग्री प्रसारित करना कानूनन दंडनीय हो सकता है। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
“ऑपरेशन वज्रपात” के तहत जनपद पुलिस सोशल मीडिया की सतत निगरानी कर रही है तथा समाज में भय, अराजकता एवं आपराधिक प्रवृत्तियों को बढ़ावा देने वाले तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
*साइबर टीम-*
उ0नि0 विपिन द्विवेदी
कां0 मो0 शोएब






